बारिश थमते ही सुबह दिखा कोहरा, आसमान साफ अब सर्दी बढ़ेगी

Dec 06 2023

ग्वालियर। बुधवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ हुई है। बारिश थमते ही दो दिन बाद धूप खिली तो बुधवार को कोहरा नजर आया। दृश्यता लगभग 1 किलोमीटर रही है। धूप खिलते ही जहां गत रोज दिन में तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस चढ़ गया, तो बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट आई है। सुबह न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाएगा। इससे 7 दिसंबर से सर्दी का सितम बढ़ जाएगा। साथ ही कोहरे का असर भी बढ़ेगा। हालांकि दक्षिण भारत में आए चक्रवाती तूफान मिचोंग के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 व 9 को हल्की बारिश की संभावना है। इससे अंचल में भी बादल छा सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह का कहना है कि 7 दिसंबर के बाद रात में ठिठुराने वाली सर्दी का दौर आएगा। उत्तरी हवा चलने से तापमान में गिरावट आएगी। जिसका असर मैदान इलाकों में कड़ाके की ठंड के रूप में देखने को मिलेगा। रात का पारा सामान्य से 5.1 डिग्री ऊपर चल रहा है। इसी के कारण लोग रात में अभी ज्यादा सर्दी का अहसास नहीं कर रहे। लेकिन जैसे ही बादल पूरी तरह से छंट जाएंगे, ठंड बढऩे लगेगी।