कला, साहित्य, संगीत से व्यक्तित्व का विकास होता है-बलवंत भदौरिया

Dec 02 2023

ग्वालियर। कला, संगीत और साहित्य से व्यक्तित्व विकास होता है। आप लोगों को जब भी कला प्रदर्शनी, संगीत अथवा साहित्य से जुड़े कार्यक्रमों में जाने का अवसर मिले तो ऐसे आयोजनों में अवश्य भाग लें। उक्त आशय के विचार राजा मानसिंह विश्वविद्यालय के चित्रकला विभागाध्यक्ष डा. बलवंत भदौरिया ने शनिवार को कला वीथिका में  माउंट लिट्रा जी स्कूल के विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति एक दिवसीय कला प्रदर्शनी  के उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने आगे कहा कि कला व्यक्ति की अभिव्यक्ति को सशक्त बनाती है। 
प्रिंसिपल सुश्री पारुल सक्सेना ने विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रभा तोमर सहित सभी अतिथियों का स्वागत कर जीवन में कला के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रदर्शनी आयोजन की पृष्ठभूमि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक दिवसीय प्रदर्शनी में फोटोग्राफी, क्राफ्ट वर्क तथा चित्रकला का समावेश किया गया है। 
प्रदर्शनी के औपचारिक उद्घाटन के उपरांत अतिथियों तथा विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं के प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा फोटोग्राफी, श्रेष्ठ क्राफ्ट कार्य तथा चारकोल ड्राइंग्स विशेष आकर्षण का केंद्र थी। साथ ही स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती अर्चना सिंह द्वारा बनाए गए दो सुंदर चित्र भी प्रदर्शित किए गए थे। 
इस अवसर पर वरिष्ठ कलाकार केपी श्रीवास्तव, श्रीमती शोभा सक्सेना, ओपी माहौर, साहित्यकार पारस कटारिया, श्रीमती यादव, शालेय कला शिक्षिका सुश्री  प्रियांशी सहित स्कूल के अध्यापक अध्यापिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।