नवंबर के आखिरी दिन आसमान में छाया कोहरा

Nov 30 2023

ग्वालियर। तीन दिनों पहले हुई रिमझिम बारिश के चलते नवंबर महीने के आखिर में कोहरा शहर में छाने लगा है। हाइवे पर चलने वाले वाहन चालकों को कोहरा होने से सिर्फ 500 मीटर तक ही सडक़ दिखाई दे रही है, वही शहर में चलने वाले वाहन चालकों को कोहरा कम होने का कारण चलने में अभी कोई परेशानी नहीं आ रही है। 72 घंटे से आसमान में बादल छाए हुए है, और धूप आ जा रही है। मौसम बदल जाने से ठंडक भी बढऩे लगी है जिसके कारण लगातार गिर रहे न्यूनतम तापमान में लगभग 5.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है।
गुरुवार तडक़े न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। एक दिन पहले यह तापमान 14.4 डिग्री पर था। बादल होने और धूप न निकलने से दिन में जरुर लोगों को हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग की माने तो एक नया सिस्टम फिर सक्रिय हो रहा है। जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शहर में रिमझिम बारिश व बादल छाने के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है। इससे 5 दिन के दौरान रात का पारा 7.0 डिग्री बढ़ गया है। 
अब शहर में कड़ाके की सर्दी का दौर दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरु हो जाएगा। साथ ही कोहरा भी दिसंबर के पहले सप्ताह से शहर के लोगों को परेशान करने लगेगा। मौसम विभाग की माने तो दिसंबर के महीने की शुरुआत कडक़ड़ाती ठंड और कोहरे से ही होने वाली है। सीजन में पहली बार दिन का पारा 26.6 डिग्री पर आया है। साथ ही गुरुवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 7.0 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। वहीं सुबह की आर्द्रता 98 फीसदी रही। यह सामान्य से 29 फीसदी अधिक रही।
मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ गुरूवार रात से फिर सक्रिय हो रहा है। इससे असर से अगले तीन दिन तक अंचल में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। साथ ही सुबह के समय कोहरा छाएगा। कोहरा और धुंध के कारण ट्रेनों का लेट आना शुरू हो गया है। दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें देरी से चल रही हैं।