ग्वालियर में दिखा सीजन का पहला कोहरा, हाइवे पर दृश्यता 500 मीटर रही

Nov 29 2023

ग्वालियर। दो दिन पहले हुई रिमझिम बारिश के बाद बुधवार को सीजन का पहला कोहरा नजर आया है। हाइवे पर दृश्यता 500 मीटर रही है, जबकि शहरी क्षेत्र में कोहरा कम नजर आया और दृश्यता लगभग एक हजार मीटर रही है। दो दिन से आसमान में छाए बादल और दिन भर धूप-छाव की लुका छिपी के चलते रात को लगातार गिर रहे न्यूनतम तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है।
बुधवार तडक़े न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। दो दिन पहले यह तापमान 9.4 डिग्री पर था। बादल होने और धूप न निकलने से दिन में जरुर लोगों को हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग की माने तो एक नया सिस्टम फिर सक्रिय हो रहा है। जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
शहर में रिमझिम बारिश व बादल छाने के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है। इससे 4 दिन के दौरान रात का पारा 5 डिग्री बढ़ गया है। कड़ाके की सर्दी का दौर दिसंबर के पहले सप्ताह से ही आएगा। साथ ही कोहरा भी दिसंबर के पहले सप्ताह से शहर के लोगों को परेशान करेगा। मौसम विभाग की माने तो दिसंबर के महीने की शुरुआत कडक़ड़ाती ठंड और कोहरे से ही होने वाली है। ग्वालियर में गत रोज पूरे दिन धूप छांव की लुकाछिपी चलती रही जिस कारण दिन में अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
सीजन में पहली बार दिन का पारा 24.9 डिग्री पर आया है। साथ ही बुधवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 5.2 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। वहीं सुबह की आर्द्रता 98 फीसदी रही। यह सामान्य से 29 फीसदी अधिक रही।
कोहरे के चलते फ्लाइट व ट्रेनों पर होने लगा है असर
ग्वालियर में बुधवार सुबह के समय शहर के बाहरी क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। दृश्यता 500 से 600 मीटर तक रही। वहीं शहर के अंदर दृश्यता एक हजार मीटर तक रही। इस सीजन में पहली बार कोहरा छाया है। कोहरा छाने के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। साथ ही वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ बुधवार रात से फिर सक्रिय हो रहा है। इससे असर से अगले तीन दिन तक अंचल में बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। साथ ही सुबह के समय कोहरा छाएगा। कोहरा और धुंध के कारण ट्रेनों का लेट आना शुरू हो गया है। दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें देरी से चल रही हैं।