लापता जवान ने पत्नी को फोन कर कहा चार दिन में घर आ जाएगा

Nov 29 2023

ग्वालियर। दस दिन पहले घर से ड्यूटी पर जाने की कहकर निकला पुलिस जवान पान सिंह संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। पत्नी ने उसकी गुमशुदगी महाराजपुरा थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस दस दिन से जवान की तलाश में लगी है। पर अब इस मामले में एक नया मोड़ उस समय आ गया जब लापता जवान ने पत्नी को फोन किया। लापता जवान बोला-दो चार दिन में घर आ जाएगा।
इसके बाद कॉल कट कर दिया। जवान की पत्नी ने मामले की सूचना महाराजपुरा पुलिस को दी है। पुलिस ने जवान की पत्नी को जिस नंबर से फोन आया था उसे सर्विलांस पर लगा दिया है। जिससे लोकेशन पुलिस को मिल गई है। पुलिस लोकेशन का खुलासा नहीं कर रही है। पुलिस की एक टीम जवान की तलाश में निकली है।
पुलिस लापता जवान की तलाश कर रही है और इसी बीच सोमवार 27 नवंबर को एक बार फिर जवान का फोन अपनी पत्नी को आया है। फोन कर उसने पत्नी से कहा है कि वह दो-चार दिन में घर वापस आ जाएगा। पत्नी से इतना कहने के बाद जवान ने कॉल काट दिया। जवान की पत्नी ने जब दोबारा फोन लगाया तो उसका नंबर बंद आ रहा था। जिसकी जानकारी जवान की पत्नी ने पुलिस को फोन करके दे दी थी। पुलिस अब जवान द्वारा किए गए फोन की लास्ट लोकेशन के सहारे दबिश दे रही है।
इस मामले में टीआई महाराजपुरा हितेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि 20 नवंबर को ड्यूटी पर जाने की कहकर निकला एक जवान लापता हो गया है। जवान की पत्नी की शिकायत पर जवान की लोकेशन ट्रेस की थी तो उसकी उस समय आखिरी लोकेशन भिंड-इटावा की आ रही थी। इसी बीच दो दिन पहले जवान का फोन फिर से उसकी पत्नी के पास आया है। उसने अपनी पत्नी से कहा है कि वह दो-चार दिन में वापस आ जाएगा। इस कॉल के बाद जवान का फोन फिर से बंद आ रहा है। जवान के फोन की आखिरी लोकेशन फिर से ट्रेस करवाई जा रही है जल्द ही उसे तलाश कर लिया जाएगा।
आपको बतादें कि ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में रहने वाला पान सिंह एक पुलिस जवान है। वह 20 नवंबर की सुबह घर से ऑफिस जाने कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। घर से निकलने के बाद जवान का पत्नी को फोन आया था कि वह अपने साहब को लेने इटावा जा रहा है और शाम तक लौट आएगा, लेकिन जवान शाम तक अपने घर नहीं पहुंचा। इस पर पान सिंह की पत्नी और अन्य परिजन ने ऑफिस पहुंचकर पता किया तो ऑफिस वालों ने कहा कि पान सिंह सुबह ऑफिस आया था और रजिस्टर में अपने साइन करने के बाद किसी काम से जाने की कहकर चला गया था। वह वापस ऑफिस नहीं आया, इसके बाद जवान को तलाश करने के लिए पत्नी ने थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया था। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जवान की गुमशुदगी दर्ज कर उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन पता कि तो उसकी लोकेशन इटावा आ रही थी। इसके बाद से ही पुलिस उसे लगातार तलाश कर रही थी।