भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर श्रद्धालूओं ने मांगी सुख समृद्धि

Nov 27 2023

ग्वालियर। जीवाजीगंज मार्ग हनुमान चौराहे के पास स्थित भगवान कार्तिकेय के मंदिर के पट सोमवार 27 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा के दिन रात्रि 12 बजे खोले गये। सबसे पहले भगवान कार्तिकेय को स्नान कराकर उनका श्रृंगार व आरती की। उसके पश्चात सोमवार सुबह 4 बजे श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गये। सुबह से ही श्रद्धालूओं की लंबी लंबी कतारें लगी दिखाई दी। श्रद्धालूओं ने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु इस दिन भगवान कार्तिकेय पर प्रशाद चढ़ाकर अपनी मन्नत मांगते है। कहा जाता है कि जो इस दिन अपनी मन्नत मांगता है वह पूरी होती है। मन्नत पूरी होने पर अगले वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर पुन: दर्शन करने आते है। यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे तक खुले रहेंगे। सोमवार की रात्रि 12 बजे पुजारी पूजा अर्चना कर कार्तिकेय भगवान की प्रतिमा को कपड़े के खोल से ढंककर दरवाजे पर ताला लगा देंगे। इसके बाद यह दरवाजा अगले वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर ही खुलेगा।
मंदिर के पुजारी पं.जमुना प्रसाद हैं। जिन्होंने बताया कि ग्वालियर का एक मात्र मंदिर है, जहां तीनों गंगा, जमना एवं सरस्वती एक साथ विराजमान हैं। उनका कहना है कि यह मंदिर 450 साल पुराना है। पुजारी परिवार के मुताबिक साधू संतों के द्वारा प्रतिमा की स्थापना की गई थी। यहां कार्तिकेय भगवान की छह मुख वाली पत्थर की प्रतिमा है, इसमें वह अपनी प्रिय सवारी मोर पर सवार हैं।