सडक़ किनारे चालक का शव मिला

Nov 26 2023

ग्वालियर। घर से घूमने निकले चालक की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। हत्यारों ने चालक की हत्या कर उसके शव को कैंसर पहाडिय़ा पर फेक दिया। वारदात कंपू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़ी पर गत रात करीब सवा दो बजे की है। वारदात का पता उस समय चला जब झांसी रोड थाना पुलिस गश्त करते हुए यहां पर पहुंची, तो सडक़ किनारे लाश पड़ी हुई थी। मामला समझ में आते ही पुलिस के गश्ती दल ने मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। 
सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और पता चला कि घटना कंपू थाना क्षेत्र की है। इसका पता चलते ही कंपू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। तो मृतक की जेब से एक आधार कार्ड और मोबाइल 500 रुपये नगद मिले। आधार कार्ड से मृतक की पहचान रहीस खान निवासी खंजाची बाबा की दरगाह के पास रहने के रुप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपू थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि बीती रात करीब दो बजे के लगभग झांसी रोड थाना पुलिस गश्त करते हुए कैंसर पहाडिय़ा पर पहुंची तो सडक़ किनारे एक युवक लेटा सा दिखा। युवक को सडक़ पर लेटा देख गश्ती टीम युवक के पास पहुंची तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे और युवक की मौत हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के गश्ती दल ने वरिष्ठ  अफसरों को सूचना दी। 
सूचना मिलते ही अफसर मौके पर पहुंचे तो प्रथम दृष्टता मामला हत्या का प्रतीत हुआ, क्योंकि मृतक के सिर में पीछे, चेहरे और हाथ में चोट के निशान थे। पुलिस ने जब घटना स्थल का निरीक्षण किया तो वह कंपू थाना क्षेत्र का निकला। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कंपू थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल व आधार कार्ड और 500 रुपये मिले।  
मोबाइल पर कॉल किया तो मृतक की पहचान जनकगंज स्थित हनुमान बांध रोड काला सैय्यद निवासी रहीश खान पुत्र सलीम खान के रूप में हुई। साथ ही पता चला कि वह ड्राइवर है और एक ऑटोमोबाइल कंपनी में काम करता है। बीते रोज वह घर से घूमने की कहकर निकला था और उसके बाद वह वापस नहीं आया। परिजनों ने समझा की कंपनी के काम से गया होगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब अपनी जांच को आगे बढ़ाया तो पुलिस का मानना है कि मृतक की हत्या कर हत्यारों ने लाश को यहां पर फेंका गया है, क्योंकि घटना स्थल पर कहीं भी रगड़ या खून के निशान नहीं हैं और जिस तरह की चोटें हंै, उनसे खून आने की संभावना है। 
पुलिस का मानना है कि अगर एक्सीडेंट होता तो वहां पर रगड़ के काफी निशान होते, जबकि रहीस जिस तरह पड़ा था उसे देखकर लग रहा था कि किसी ने आराम से उसे लिटाया हो। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि ऐसी कोई दुश्मनी भी नहीं है कि कोई उनकी हत्या कर सके। 
मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया एक दिन पहले वह 20 हजार रुपये जुए  में जीता था और शनिवार को किराये के कमरे की जाने की कहकर निकला था। मृतक के परिजनों ने कुछ संदेहियों के नाम भी पुलिस को बताये हैं जिनके साथ वह अक्सर रहता था और जुआ खेलता था। जिसके बाद पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। मृतक अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था और उसकी तीन बेटियां व पत्नी हंै। बड़ी बेटी पंद्रह साल की है और उससे छोटी बारह साल तथा सबसे छोटी आठ साल की है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।