केन्द्रीय कारागार में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ

Nov 26 2023

ग्वालियर। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर पीसी गुप्ता के निर्देशन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गालिब रसूल के मार्गदर्शन में केन्द्रीय जेल अधीक्षक विदित सिरबैया के सहयोग से केन्द्रीय कारागार ग्वालियर में संविधान (विधि) दिवस के उपलक्ष्य में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 39ए की मंशा अनुरूप विधिक सेवा प्राधिकरण 1987 लागू हुआ। जिसमें यह व्यवस्था की गई है किसी भी आर्थिक या अन्य निर्योग्यता के कारण कोई भी व्यक्ति सक्षम न्याय पाने वंचित नहीं होगा।
इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए तहसील न्यायालय से लेकर  उच्चतम न्यायालय तक प्रत्येक क्रम पर नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा संस्थान कार्य कर रहे हैं। श्री शर्मा ने प्ली बार्गेनिंग (सौदा अभिवाक)के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अरविन्द चौहान ने दैनिक जीवन में संविधान का विस्तार, संविधान की प्रासंगिकता तथा महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की तथा बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया। 
कार्यक्रम में डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल गिर्राज सिंघल ने व्यक्त किया कि संविधान के समस्त आदर्शों की झलक संविधान की प्रस्तावना में परिलक्षित होती है। संविधान के प्रावधानों व उसके आदर्शो का पालन करना हमारा कर्तव्य है और संविधान का पालन करने से ही विधि के शासन की व्यवस्था कायम होती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक न्याय की व्यवस्था से समाज के सभी वर्गो को प्रगति करने का अवसर प्राप्त होता है और सभी का कल्याण होता है। 
कार्यक्रम  में डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल प्रवीण मित्तल ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके माध्यम से हम अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकते हैं तथा संविधान द्वारा बताये गये मौलिक कर्तव्यों का पालन कर हम संविधान निर्माताओं को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। कार्यक्रम  के अंत में बंदियों के साथ संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना)का सामूहिक वाचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक जेल अधीक्षक श्री प्रवीण त्रिपाठी ने तथा आभार प्रदर्शन वरिष्ठ जेल उपाधीक्षक श्रीमती ममता नार्वे ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ जेल उपाधीक्षक अनिरुद्ध सिंह नरवरिया, अस्सिटेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल आदित्य सिंह, सन्नी पुरोहित सहित बंदीगण उपस्थित रहे।