अधिकारों के ज्ञान के साथ कर्तव्य परायणता राष्ट्र निर्माण का आधार-न्यायाधीश श्रीमती जायसवाल

Nov 25 2023

ग्वालियर। हमें संविधान द्वारा प्रदान किए गए मौलिक अधिकारों के ज्ञान के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी होना चाहिए। साथ ही पूरी कर्तव्य परायणता के साथ इनका पालन भी करना चाहिए। यह विचार  सीएम राइज शासकीय पदमा राजे कन्या उच्चतर  माध्यमिक विद्यालय कंपू में आयोजित हुए विधिक साक्षरता शिविर में मुख्य अतिथि न्यायाधीश वरिष्ठ खंड श्रीमती स्वाति निवेश जायसवाल ने व्यक्त किए।
न्यायाधीश श्रीमती जायसवाल ने मूल अधिकारों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। 
वहीं विधिक साक्षरता शिविर में न्यायाधीश कनिष्ठ खंड सुश्री मानसी बलूजा ने लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), गुड टच व बैड टच, एवं टोल फ्री नंबर  1090 व 1098 के बारे में जानकारी प्रदान की।
शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा ने विधिक सहायता व राष्ट्र के गौरव यथा राष्ट्रगान, एवं राष्ट्रीय चिन्ह आदि सहित नालसा टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में बताया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु व्यवहार न्यायाधीश सुश्री रूपाली बिरला ने शिक्षा का अधिकार तथा महिला शिक्षा की उपयोगिता पर अपने विचार रखे। 
वहीं उप प्राचार्य श्रीमती शुभा वाखले ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधिक साक्षरता शिविर में मिलने वाले लाभ को जीवन में सहजकर रखने का आव्हान किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती माया भेलसेवाले ने किया। आभार प्रदर्शन मुकेश सिकरवार द्वारा किया गया।