मानवाधिकार जागरूकता पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, ग्वालियर के आरक्षक व गुना की महिला कांस्टेबल बनीं विजेता

Nov 24 2023

ग्वालियर। पीएचक्यू (पुलिस मुख्यालय) द्वारा पुलिस कर्मियों में मानवाधिकार के प्रति जागरूकता लाने के मकसद से समूचे प्रदेश में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत नोडल अधिकारी एवं इंचार्ज एसपी ऋषिकेश मीणा के मार्गदर्शन में पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में ग्वालियर रेंज के पुलिस कर्मियों के मध्य मानवाधिकार जागरूकता विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
आरआई सत्यप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस वाद विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सेकंड बटालियन के सहायक सेनानी रजनीश भार्गव, डीएसपी रेडियो राजकुमार कुशवाह व पुलिस लाइन स्थित शासकीय विद्यालय के प्राचार्य अशोक दीक्षित शामिल हुए। इस अवसर पर सूबेदार रूमा नाज व सूबेदार अजय प्रताप सिंह के अलावा प्रतिभागी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मानवाअधिकार जागरूकता विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में ग्वालियर जोन के विभिन्न जिलों के पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। जिनमें से पक्ष वाले प्रतिभागियों में आरक्षक आलोक ग्वालियर ने प्रथम तथा आरक्षक अतुल रघुवंशी अशोक नगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 
जबकि विपक्ष के प्रतिभागियों में से आरक्षक महिमा शर्मा गुना को प्रथम तथा आरक्षक शशि यादव ग्वालियर दूसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को रूरल एएसपी निरंजन शर्मा द्वारा प्रमाण-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।