शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे छात्र को लगी गोली

Nov 24 2023

ग्वालियर। 12वीं का छात्र शादीशुदा प्रेमिका के घर पर संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हो गया है। घटना शुक्रवार दोपहर झांसी रोड देव नगर की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि छात्र ने प्रेमिका के घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली है, जबकि घायल छात्र ने बोला है कि उसे उसकी प्रेमिका के पति ने गोली मारी है। वह प्रेमिका के बुलाने पर पहुंचा था, लेकिन तभी पति ने हमला कर दिया। प्रेमिका पूरा तमाशा देखती रही। पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया है। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुला लिया था। 
झांसी रोड नाका चन्द्रवदनी स्थित देवनगर निवासी 20 वर्षीय नीरज उर्फ विकास पुत्र कैलाश परिहार 12वीं का छात्र है। पास ही रहने वाली एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला से उसकी कुछ दिन पहले मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी। दोनों आपस में मोबाइल पर बातें किया करते थे। महिला के पति को जब इस दोस्ताना का पता लगा तो उसने विरोध किया। घायल नीरज के मुताबिक शुक्रवार दोपहर उस पर उसकी प्रेमिका का फोन आया था और उसने मिलने के लिए घर पर बुलाया था। इसके बाद वह मिलने के लिए पहुंचा था। यहां कुछ देर बाद प्रेमिका का पति आ गया और उसने कट्टे से उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। वह बाहर की तरफ भागा और लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घायल नीरज को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हालांकि पुलिस को यह सूचना मिली है कि नीरज ने अपनी प्रेमिका के घर पर पहुंचकर हंगामा किया और खुद को गोली मार ली। उसके साथ दो युवक और भी थे। फिलहाल घायल का इलाज चल रहा है। उसने अपनी प्रेमिका और उसके पति पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
छात्र को गोली कैसे लगी यह अपने आप में संदिग्ध लग रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि छात्र ने खुद को गोली मारी है, लेकिन जब पुलिस उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंची तो घायल ने प्रेमिका के पति द्वारा गोली मारने की बात कही। मामला संदिग्ध नजर आया तो पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव की मदद ली। उसके सीधे हाथ का एफएसएल अधिकारी ने हैंड शॉप कराया है। यदि गोली उसके हाथ से चली होगी तो पता चल जाएगा।
घायल छात्र की प्रेमिका की नानी ने बताया कि यह अपने दो दोस्तों के साथ पहुंचा था। यह दूसरी मंजिल पर पहुंचा वहां पर वह पौंछा लगा रही थी। उसे कट्टा दिखाकर कह रहा था आज यह कट्टा चल जाएगा। इसके बाद वहां से अपनी मां को भी फोन लगाया और पुलिस को बुलाने की बात कही। इसके बाद बार-बार कट्टा दिखा रहा था, इसी समय उसने खुद को गोली मार ली।
इस मामले में झांसी रोड थाना प्रभारी राशिद खान ने बताया कि एक लडक़ा यहां घायल भर्ती हुआ है। उसका इलाज चल रहा है। गोली कैसे लगी उसकी जांच जारी है। कार्रवाई में आगे पता चलेगा।