कल्पवृक्ष आर्ट गैलरी का उदघाटन आज, रंगोत्सव राष्ट्रीय कार्यशाला भी

Nov 24 2023

ग्वालियर। ग्वालियर के जाने माने कलाकार डा. वासंती जोशी की स्मृति में 25 नवंबर को उनके द्वारा बनाये गये चित्रों का प्रदर्शन एवं कल्पवृक्ष आर्ट गैलरी का उदघाटन होगा। इसका उदघाटन विभागाध्यक्ष चित्रकला जेजे स्कूल आफ आटर्स मुंबई प्रो. डा. गणेश तरतरे के द्वारा सायं 5 बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य फाइन आर्टस कालेज आगरा प्रो. डा. सरोज भार्गव करेंगी। 
अध्यक्ष प्रमोद कुमार जोशी एवं कोषाध्यक्ष पुनीत जोशी ने बताया कि कार्यक्रम 56 शक्ति विहार दर्पण कालोनी के पीछे थाटीपुर पर होगा। इस दौरान रंगोत्सव राष्ट्रीय कार्यशाला भी होगी। कार्यशाला 26 नवंबर को होटल सेलेब्रेशन इन शास्त्री नगर के सामने गांधी रोड पर प्रात 10 से सायं 5 बजे तक होगी। दूसरे दिन 27 नवंबर की कार्यशाला प्रात 7 से 10 बजे तक बैजाताल मोतीमहल पर होगी। कार्यक्रम का समापन एवं प्रदर्शिकी 28 नवंबर को प्रात 11 बजे होटल सेलेब्रेशन इन शास्त्री नगर के सामने गांधी रोड पर होगा। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पं. साहित्यकुमार नाहर होंगे। अध्यक्षता पूर्व आचार्य एवं विभागाध्यक्ष प्राचीन भारतीय इतिहास संस्कृति पुरातत्व अध्ययनशाला जीवाजी यूनिवर्सिटी रामअवतार शर्मा करेंगे।
देश के विभिन्न शहरों से आएंगे 25 कलाकार
कार्यशाला में देश के विभिन्न शहरों से 25 कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आएंगे। यह कलाकार बैजाताल पर खुले आसमान के नीचे अपनी कलाकृतियां उकेरेंगे और उन कलाकृतियों को एक्जीविशन में रखा जाएगा। आयोजक और समिति के अध्यक्ष प्रमोद जोशी व कोषाध्यक्ष पुनीत जोशी ने बताया कि यह शहर में पहला आयोजन है जहां पर देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार एक नहीं बल्कि पांच दिन तक शहर में रहेंगे और अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने शहर के कलाप्रेमियों से अनुरोध किया है कि कार्यशाला व अन्य कार्यक्रम में उपस्थित होकर कलाकारों का हौंसला बढ़ाएं और उनका उत्साहबर्धन करें।
यह हर साल होगा
ख्यातिप्राप्त चित्रकार डॉ.वासंती जोशी (बक्षी) के पति और कलाप्रेमी तथा आयोजक प्रमोद जोशी ने मीडिया के समक्ष कहा कि यह समिति का पहला आयोजन है लेकिन इसे हर साल किया जाएगा और आने वाले सालों में यह वृहद रूप लेगा ताकि शहर के चित्रकारों को एक प्लेटफार्म मिल सके और वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।