चुनाव में लगी बसें अपने रूटों पर लौटीं

Nov 18 2023

ग्वालियर। विधान सभा चुनाव के लिए अधिग्रहित की गई बसें शनिवार सुबह से फिर से अपने-अपने रुटों पर लौट आईं हैं। इसी के साथ तीन दिन से परेशान हो रहे यात्रियों का सडक़ मार्गों पर सफर फिर आसान हो गया है। हर मार्ग पर सुबह से लेकर अब देर रात तक बसों से जरिए यात्रा की जा सकती हैं। इसी के साथ जिन निजी स्कूल-कॉलेजों की बसों को भी चुनाव के लिए पकड़ा था, उन्हें भी मतदान दलों के लौटने के बाद गत रात को ही मुक्त कर दिया है। 
बता दें कि मतदान की तिथि 17 नवंबर से दो दिन पहले 15 नवंबर को सुबह से ही बसों को प्रशासन ने जब्ती में ले लिया था। इसके बाद से ही सडक़ों पर बसों की किल्लत हो गई। इसके चलते लोगों को ग्वालियर से बाहर आने-आने में परेशानी का सामना करना पड़ा। सडक़ों पर साधन नहीं मिलने और जो बसें थीं। वह ज्यादा किराया वसूल रहीं थी, इसलिए जहां ट्रेन थी, वहां के लिए ट्रेन से सफर करना पड़ा। जहां ट्रेन मार्ग नहीं वहां मजबूरी में ज्यादा किराया देकर जाना पड़ा। चुनाव में लगीं बसें मतदान कराने के बाद गत रात को अधिग्रहण से मुक्त कर दी गईं। इसी के साथ शनिवार सुबह से सडक़ों पर सवारियों के लिए संचालन शुरू करा दिया गया है।
चुनाव के लिए निजी चार पहिया वाहन भी पकड़े गए। उनको भी प्रशासन ने अधिग्रहण से मुक्त कर दिया है। शहर से बाहर जाने के लिए किराए पर गाड़ी नहीं मिल रहीं थी, वह अब भी मिलना शुरू को गई हैं। इससे लोगों को तीन दिन बार राहत मिली है।