मां कनकेश्वरी की कथा के लिए शोभायात्रा निकली

Nov 16 2023

ग्वालियर। महलगांव स्थित सिद्धपीठ श्रीकैलादेवी एवं कुंअर महाराज  मंदिर में आज शुक्रवार से आदि शिवशक्ति मां जगदम्बा नवकुंडी महायज्ञ व एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा आरंभ होगी। कथा से पूर्व गुरूवार को महाबली हनुमान मंदिर सिटी सेंटर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 151 महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलीं तथा दंदरौआ हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर रामदास महाराज सहित अनेक संत महंत बग्घियों पर सवार होकर चले। कथा का अमृतपान कराने के लिए कनकेश्वरी देवी गुरूवार को देर रात ग्वालियर आईं।
दोपहर 12 बजे शुरू हुई कलश यात्रा में महिला पुरूष सभी श्रद्धालु पीले वस्त्र पहनकर सम्मिलित हुए। महामंडलेश्वर कपिल मुनि महाराज सिर पर देवी कथा की पोथी लेकर चले एवं उनके पुत्र महाआर्यमन घोड़े पर सवार होकर हाथ में तलवार लेकर कुंवर महाराज के स्वरूप धारण कर कलश यात्रा का प्रमुख आकर्षण बने। कलश यात्रा का समापन करौली माता मंदिर एवं कुंवर महाराज की परिक्रमा के साथ हुआ।
कलश यात्रा में महामंडलेश्वर रामदास महाराज के अलावा, धूमेश्वर महादेव के महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज, महामंडलेश्वर विष्णुदास महाराज, जूनागढ़ गुजरात  के महंत अभिमुक्तेश्वरानंद, सच्चिदानंद ढोलीबुआ महाराज बग्घी पर सवार होकर चले। 
महामंडलेश्वर कपिल मुनि महाराज ने बताया कि यज्ञाचार्य दीपक तिवारी के नेतृत्व में हर रोज सुबह 9 बजे से जगदम्बा नवकुंडी यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक कनकेश्वरी देवी देवी भागवत का अमृतपान कराऐंगी। हर रोज असंख्य पार्थिव शिवलिंग का निर्माण होगा तथा शाम को रोजाना उनका पूजन होगा। रात्रि में रामलीला का मंचन किया जाएगा।