मतदान सामग्री मिलते ही चुनाव कराने अपने-अपने केन्द्रों पर पहुंचने लगे अधिकारी-कर्मचारी

Nov 16 2023

ग्वालियर। जिले की सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किये मतदान दलों ने गुरूवार सुबह से ही सामग्री वितरण स्थल एमएलबी मैदान में डेरा जमा लिया और सुबह ठीक 9 बजे मतदान सामग्री प्राप्त कर अपने लिए निर्धारित बसों में सवार होकर मतदान केन्द्र की ओर रवानगी ड़ाल दी। जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित 1662 मतदान केन्द्रों तक पहुंचने के लिये 381 रूट निर्धारित किए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिए रिजर्व वाहनों सहित कुल 459 चार पहिया वाहन उपयोग में लाए जा रहे है।
अपर जिला दण्डाधिकारी टीएन सिंह ने बताया कि मतदान दलों को पहुंचाने में 219 बसें व 230 मिनी बसें उपयोग में लाई जा रही हैं। इनमें 74 रिजर्व वाहन (36 बस व 38 मिनी बस) शामिल हैं। मतदान दलों को महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य स्वशासी महाविद्यालय से मतदान सामग्री के साथ सुबह 9 बजे से रवाना कर दिया गया है। यहीं पर मतदान के बाद ईवीएम सहित सभी मतदान सामग्री जमा होगी।
उन्होने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-14 ग्वालियर ग्रामीण के अंतर्गत 268 मतदान केन्द्र हैं। इन मतदान केन्द्रों तक पहुंचने के लिये 66 रूट निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-15 ग्वालियर में 302 मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिये 69 रूट, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व में 319 मतदान केन्द्रों के लिये 80 रूट, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-17 ग्वालियर दक्षिण में 249 मतदान केन्द्रों के लिये 51 रूट, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-18 भितरवार में 266 मतदान केन्द्रों के लिये 66 रूट तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा (अजा.) में 255 मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिये 51 रूट बनाए गए हैं।
जिले में विधानसभा निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के मकसद से 133 सेक्टर अधिकारी, 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 20 उडऩदस्ते व 20 स्थेतिक (एसएसटी) टीम तैनात की गई हैं। एसएसटी नाकों पर तैनात रहेंगीं तथा सेक्टर अधिकारी, सेटर मजिस्ट्रेट व उडऩदस्ते मतदान के दिन सतत रूप से मतदान केन्द्रों पर पहुंचेंगे।