केन्द्रीय जेल में टीका करने आईं नाराज बहनों ने किया चक्काजाम

Nov 15 2023

ग्वालियर। जेल में सजा काट रहे बंदियों के माथे पर मंगल टीका करने के लिए दूर दराज से आई बहनों को जब पता चला कि चुनाव की आचार संहिता के चलते जेल की मिलाई पर रोक लगा दी गई है तो नाराज होकर बहनों ने चक्काजाम कर दिया। चक्का जाम का पता चलते ही बहोड़ापुर और महिला थाना पुलिस के साथ ही प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे  और हंगामा व चक्काजाम कर रही बहनों को सडक़ से हटा दिया। इस दौरान आक्रोशित बहनों की पुलिस से झड़प हुई। 
बुधवार को भाईदौज के अवसर पर भाइयों के माथे पर टीका करने की आस लेकर आई बहनों को जब पता चला कि आचार संहिता के चलते जेल में बहनों की मिलाई पर रोक लगाई है। तो वे आक्रोषित हो गई और  जेल प्रबंधन से कुछ देर उलझने के बाद महिलाए एकजुट होकर जेल गेट पर पहुंची और सड़क़ पर बैठकर जाम लगा दिया। जाम का पता चलते ही महिला पुलिस और बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा और चक्काजाम कर रही बहनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह भाइयों को बगैर टीका लगाए जाने पर सडक़ से हटने को तैयार नहीं हुई तो आस-पास के थानों से महिला पुलिस बल को मौके पर बुलाया। 
पुलिस ने काफी देर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई तो पुलिस ने अपने तरीके से सबको हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाएं पुलिसकर्मियों से उलझी, लेकिन पुलिस ने उनकी एक ना सुनी और उन्हें सडक़ से हटा दिया।