मतदान की सुरक्षा के लिए पुलिस तैयार

Nov 15 2023

ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ग्वालियर पुलिस तैयार है, ग्वालियर पुलिस की तैयारियों को देखते हुए आप निर्विघ्न होकर मतदान करे। सुरक्षा के लिए मतदान केन्द्र से लेकर चौराहों और गलियों में पुलिस जवान व अफसर कमर कसकर तैयार हंै, इस दौरान जो भी आपको डराने, धमकाने के लिए आएगा, उसकी खातिरदारी ग्वालियर पुलिस द्वारा की जाएगी। साथ ही मतदान केन्द्रों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। यह जानकारी पुलिस कप्तान राजेश सिंह चंदेल ने दी है। 
चुनाव में किसी तरह का व्यवधान डालने पर पुलिस द्वारा कड़ाई से कार्रवाई की जाएगी और जो भी उत्पात मचाएगा, उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। 
कहीं पर भी चुनाव में बाधा डालने और झगड़े आदि की सूचना पर मात्र दो मिनट में पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति से निपेटगी। मतदान केन्द्र के सौ मीटर के दायरे में परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा और ड्रोन से मतदान केन्द्रों व उसके आस-पास नजर रखी जाएगी। 
चुनाव में किसी प्रकार का व्यवधान ना आए, इसके लिए कुल चार हजार जवान तैनात किए गए है, जिसमें दो हजार अर्ध सैनिक बल तथा तीन सैकड़ा पेट्रोलिंग पार्टी तैयार की गई है। आज से जिले की सीमाएं सील कर दी जाएगी और बाहरी लोगों को जिले से बाहर खदेड़ दिया जाएगा।
ग्वालियर को मिली सबसे ज्यादा बीएसएफ की कंपनियां
 विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में अब सिर्फ एक दिन ही बचा है। चुनाव में इस बार पिछले चुनाव की तुलना में दोगुनी चौकसी होगी। सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की 47 कंपनियां ग्वालियर जोन के चार जिलों के लिए दी गई हैं। इसकी वजह है इस बार संवेदनशील इलाके अधिक हैं, जहां तनावपूर्ण स्थिति रहने की आशंका है। इसी के चलते यहां पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेगा। इसके अलावा जिला पुलिस बल, एसएएफ और होमगार्ड के जवान भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। संवदेनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा में लगे जवानों को गुरुवार शाम से तैनात करना शुरू कर दिया जाएगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट मोबाइल और पुलिस की मोबाइल ने बुधवार से ही पेट्रोलिंग शुरू कर दी है।
सीमा सुरक्षा बल की सबसे ज्यादा कंपनियां ग्वालियर जोन के चार जिलों में तैनात की गई हैं। सीमा सुरक्षा बल की 32 में से 16 कंपनियां ग्वालियर में ही तैनात की गई हैं। शिवपुरी, अशोकनगर और गुना जिले के लिए 16 कंपनियां लगाई गई हैं। ग्वालियर में भी ग्रामीण, भितरवार, ग्वालियर और डबरा विधानसभा में सुरक्षा में पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगाए जाएंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट मोबाइल और पुलिस मोबाइल संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग करेंगी। इस तरह की व्यवस्था की जा रही है, हर आधे घंटे में सेक्टर मोबाइल, पुलिस मोबाइल क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान केंद्र पर पहुंचेगी। क्यूआरटी पांच जगह तैनात रहेगी, जो सूचना मिलने पर तुरंत पहुंचेगी। संवेदनशील मतदान केंद्र और संवेदनशील इलाकों में बुधवार से ही पेट्रोलिंग शुरू हो गई है। शहर के नाकों पर 24 घंटे चेकिंग चलेगी।