बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग

Nov 14 2023

ग्वालियर। वाराणसी से लौटकर ग्वालियर के यार्ड में पहुंची बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कोच को चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और रेल सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। और आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड के अमले ने तीन गाड़ी पानी फेंककर आग को काबू में किया, लेकिन तब तक कोच पूरी तरह से जल चुका था। इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।
वाराणसी से चलकर ग्वालियर आने वाली ट्रेन क्रमांक 11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस सुबह सात मिनट की देरी से 8:22 बजे ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक चार पर पहुंची थी। यात्रियों के उतरने के बाद इसे यार्ड में ले जाया गया। सुबह करीब 10 बजे ट्रेन के थर्ड एसी कोच बी-4 से अचानक ही धुआं उठता देख यार्ड के कर्मचारियों ने इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी।
इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को भी बुलाया गया। थोड़ी ही देर में कोच से आग की लपटें उठने लगीं, जिसके चलते फायर ब्रिगेड को सूचना भेजी गई। उपायुक्त फायर डा. अतिबल सिंह यादव व अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और पानी फेंककर आग को काबू में किया गया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार शार्ट सर्किट के चलते कोच में आग लगने की संभावना है, क्योंकि ट्रेन का इलेक्ट्रिक सिस्टम पूरी तरह से बंद नहीं किया गया था।
रेल मंडल झांसी के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।