7वी कक्षा के विद्यार्थियों को सीपीआर की हैन्ड्स आन ट्रेनिंग दी

Nov 08 2023

ग्वालियर। दून पब्लिक स्कूल के 7वी कक्षा के विद्यार्थियों को कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट ग्वालियर में को-आर्डीनेटिंग कैंसर केयर द्वारा कैंसर हॉस्पिटल के सभी विभागों का अवलोकन कराते हुए उन्हें उन सभी विभागों की कार्यपद्धति के विषय में विस्तार से बताया कर सभी विद्यार्थियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिसस्सीटेशन) की हैन्ड्स आन ट्रेनिंग दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. बीआर श्रीवास्तव निर्देशक कैंसर हॉस्पिटल ने कहा कि मुझे आप सभी छोटे बच्चों की उपस्थिति से अत्यंत हर्ष हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि उनके पास एक रोगी आया और जब उन्होंने उसकी मेडिकल हिस्ट्री ली तो रोगी ने कहा कि उसने सिगरेट पीना छोड़ दिया है और छोडऩे की कहानी सुनाते हुए कहा कि मेरे बेटे द्वारा सिगरेट का पैकेट छुपाते रहने की वजह से ही हो पाया। अत: आप सभी बच्चे भी अपने आसपास के लोगों को कैंसर से बचा सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जैसे पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम असम में लैक्चर के दौरान अचेत हो गए और बेसिक लाइफ सपोर्ट की अज्ञानता के कारण ही उनकी मृत्यु हो गई तो इसीलिए सभी को बेसिक लाइफ सपोर्ट व सीपीआर की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. गुंजन श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिसस्सीटेशन) की हैन्ड्स आन ट्रेनिंग दिया जाना एक अनूठा प्रयास एवं प्रयोग है जो कि जरूरतमंद रोगियों को बहुत मदद करेगा और इन बच्चों के मनोबल को बढ़ावा देने का काम करेगा। डॉ. सन्तोष कुमार ने सीपीआर की हैन्ड्स आन ट्रेनिंग सभी बच्चों को दी, जिसमें बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।
सुप्रिया गर्ग (पेशेंट नेविगेटर) तथा मिस ऋचा ने बच्चों को पूरे अस्पताल में घुमाया और हर विभाग से परिचित करवाया। रजिस्ट्रेशन, ओपीडी, वार्ड्स, रेडिएशन मशीन, पेट सीटी मशीन, रिकॉर्ड डिपार्टमेंट, इत्यादि दिखाए और हर सवाल का जवाब देते हुए बच्चों की जिज्ञासा को शांत किया। 
कार्यक्रम में बच्चों के लिए रेडियोथेरेपी मोल्ड्स पर चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जो बच्चों के लिए एक नया अनुभव रहा। डॉ. बीआर श्रीवास्तव, डॉ. श्रीमती अर्चना श्रीवास्तव, डॉ. निधिषा अग्रवाल तथा सुश्री मीरा श्रीवास्तव द्वारा विजेता बच्चों को पुरस्तकृत किया गया।
अंत में बच्चों ने प्रण लिया कि वो कैंसर के प्रति जागरूक बनेंगे और स्वयं के साथ आस पास के लोगों का भी पूरा ख्याल रखेंगे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डॉ. गुंजन श्रीवास्तव मेडिकल आन्कोलाजिस्ट एवं अन्य अतिथिगण, दून पब्लिक स्कूल के शिक्षकों ने कार्यक्रम की बहुत प्रशंसा की।