दीपावली की तैयारियों में जुटे लोग

Nov 08 2023

ग्वालियर। 12 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। माता लक्ष्मी का आगमन रविवार को हो रहा है। यह शास्त्रों में यह योग अति उत्तम माना जाता है। इस दिन पूजन से पूरे समाज को स्थायी लक्ष्मी और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। शाम छह बजकर 11 मिनट से आठ बजकर 15 मिनट तक पूजन का शुभ मुहुर्त हैं। उसके बाद किसी भी समय पूजन कर सकते हैं। दीपावली की तैयारियां शहर भर में जोरों से चल रही हैं। लोग घरों का रंग-रोगन कराकर सजावटी वस्तुओं से घरों को सजा रहे हैं। ज्योतिषियों के अनुसार कार्तिक माह के दौरान दीपोत्सव, गोपाष्टमी, देवउठनी एकादशी, देव दिवाली सहित अनेक त्योहार मनाए जाएंगे। माना जाता है कि शरद पूर्णिमा के साथ ही शरद ऋतु की शुरूआत हो जाती है और धीरेधीरे सर्दी की शुरुआत होती है, इसलिए यह ऋतु परिवर्तन का माह भी है। 
10 नवंबर धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी अधिक होगी। लोग खरीदारी के लिए तैयार हैं। नगर के बर्तन बाजारों में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। साथ ही शहर भर की बर्तन दुकानों पर धनतेरस पर खरीदारों की भीड़ रहेगी। आटोमोबाइल, सराफा का कारोबार भी अच्छा होगा।
 11 नवंबर रूप चौदस पर महिलाएं रूप चौदस मनाएंगी। इसके लिए महिलाओं ने अभी से ब्यूटी पार्लर पर श्रृंगार के लिए बुकिंग करा दी है। साथ ही घरों पर भी महिलाएं रूप निखारने के लिए तैयारी करेंगी। 
12 नवंबर को दीपावली पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। घर-घर मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाएगी। शहर के मंदिरों व घरों में दीपक जगमग किए जांएगे। अतिशबाजी होगी। सभी वर्ग के लोग नए वस्त्र धारण करके एक-दूसरे को दीपावली की बधाई देंगे।
अभी से मैरिज गार्डन बुक
देवउठनी एकादशी से शुरुआत चार माह के देवशयनकाल के बाद देवउठनी एकादशी पर 23 नवंबर से फिर शादी-विवाह की शुरुआत हो जाएगी। साल के अंतिम दो माह में केवल 14 दिन ही मुहूर्त रहेंगे। आखिरी मुहूर्त 15 दिसंबर को है। इसके बाद खरमास लगने के कारण एक माह विवाह नहीं हो सकेंगे। उसके बाद विवाह मुहूर्त मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी से शुरू होंगे। नवंबर और दिसंबर माह में शादी समारोह के लिए लगभग सभी मैरिज गार्डन की बुकिंग फुल हो चुकी है। शहर में 300 वेडिंग डेस्टिनेशन हैं। सभी शुभ मुहूर्त की बुकिंग हो चुकी है। 23 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर अबूझ मुहूर्त है, इसलिए  इस दिन मुहूर्त निकालने की आवश्यकता नहीं होती। 
इसी दिन ही शालीग्राम-तुलसी विवाह किया जाता है। इसके बाद इस माह में अंतिम विवाह मुहूर्त 29 नवंबर को रहेगा। इस माह में कुल पांच दिन मुहूर्त रहेंगे।
दिसंबर में 9 शुभ विवाह मुहूर्त हैं, जिसमें 15 दिसंबर आखिरी मुहूर्त है। इसके बाद 16 जनवरी मकर संक्रांति के बाद से फिर से विवाह की शुरुआत होगी। 27 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा होने से यह दिन विवाह के लिए बहुत शुभ माना जाता है।