सॉप-सीढी के खेल द्वारा मतदान का महत्व बताया एनएसएस स्वयंसेवकों को

Nov 05 2023

ग्वालियर। निर्भीक एवं सही मतदान के लिये मतदाता को जागरूक होना पडेगा क्योंकि हम यदि किसी प्रलोभन में आ जाते हैं जिससे सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन नहीं कर पाते हैं। मतदाता को जागरूक करने के लिये राष्ट्रीय सेवा योजना माधव महाविद्यालय के युवा अनूठे प्रयोगों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान कराने के लिये लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मतदान के दिन हम अपने अमूल्य वोट को सही प्रकार से प्रयोग कर सॉप-सीढ़ी के खेल की तरह सीढ़ी पर चढऩे का ही कार्य करें न कि साँप के मुख पर आकर नीचे आने का मतदान में प्रलोभन रोकने के लिये साँप-सीढ़ी के खेल द्वारा विद्यार्थियों को मतदान का महत्व बताया गया। 
इस कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. संजय रस्तोगी, माधव महाविद्यालय, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना माधव महाविद्यालय डॉ. संजय कुमार पाण्डेय उपस्थित थे। डॉ. रस्तोगी ने बताया कि अपने अमूल्य मत का उपयोग हम सोच-समझकर आवश्यक रूप से करें क्योंकि मतदान हमारा प्रथम अधिकार है। जिसे हम सबको मिलकर कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहिये क्योंकि जिन जन प्रतिनिधियों को चुनकर भेज रहे हैं वह हमारे देश के विकास में अहम योगदान दे सके। 
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि बचपन से हम सॉप-सीढी का खेल खेलते हैं। यदि हम सीढ़ी पर आ जाते हैं तो हम काफी अंक ऊपर चले जाते हैं, परन्तु यदि साँप के मुख पर आ जाते हैं तो हम काफी नीचे आ जाते हैं। इसलिये हमें किसी भी प्रलोभन में आकर मत का प्रयोग नहीं करना चाहिये जिससे हम अपने आपको कभी माफ न कर पायें। 
यह कार्यक्रम वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना माधव महाविद्यालय डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एवं स्वीप नोडल अधिकारी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में प्राध्यापक डॉ. कौशलेन्द्र अवस्थी, डॉ. चंचल शिवहरे, डॉ. दीप्ति नारंग, डॉ. प्रशान्त साहू, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. दीपक शिंदे, मुकुल सप्रे, वरिष्ठ स्वयंसेवक अंकुश अरोरा, अंजली गोयल, स्वयंसेवक रितिक घोरपोडे, अनमोल तिवारी, रवि बाथम, कृष्णा गर्ग, दिलीप चौहान, जयदीप बाकोरे आदि लोग उपस्थित थे।