युवक का शव मिला, तंत्र-मंत्र के शक में हत्या की आशंका

Nov 05 2023

ग्वालियर। बहोड़ापुर में सरकारी मल्टी के पास रविवार दोपहर युवक का शव मिला। कान कटे हुए हैं। सिर में गहरी चोट है। युवक गत रात से लापता था। मृतक की पहचान लाल सिंह मौर्य के रूप में हुई है। वह कोविड सेंटर में सफाई कर्मचारी था। घटनास्थल पर एक कटोरे में सिंदूर और दूसरी चीजें मिली हैं। शुरुआती जांच में नरबलि की आशंका है। लालसिंह का दोस्त कन्हैया भी 3 नवंबर से लापता है। मृतक के परिजनों को उसपर हत्या की आशंका है पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में लगी है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सागरताल रोड पर तहसील भवन के पास झाडिय़ों में रविवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। यहां से गुजर रहे लोगों को जब लाश पड़ी मिली तो इसकी सूचना इन लोगों ने पुलिस को दी। सीएसपी ग्वालियर सर्किल शुभा श्रीवास्तव, बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर फोर्स के साथ यहां पहुंची। पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो पता चला कि मृतक बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के राय कॉलोनी से 3 नवंबर से लापता लाल सिंह का शव है। मृतक के शव के पास पुलिस को सिंदूर, मटकी, रस्सी और कुछ इस तरह का सामान मिला है जो की नरबलि में उपयोग होता है।  मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया और फोरेंसिक टीम ने सब की जांच पड़ताल के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना किया।
लाश के पास दिए, सिंदूर और पूजा का सामान रखा हुआ है। इससे आशंका है- तंत्र-मंत्र में उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए हैं।
मृतक के परिजनों का कहना है कि वह 3 नवंबर की रात से घर से निकला था इसके बाद घर वापस नहीं पहुंचा। और परिजन जब ढूंढने निकले तो पहाड़ी पर जंगलों में उसका शव मिला है। परिजनों को इस पूरे मामले में मृतक के एक दोस्त पर हत्या का शक है। इसके बाद पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।