हर चुनावी खबर पर पैनी नजर रखें: कलेक्टर

Nov 02 2023

ग्वालियर। इलेक्ट्रोनिक व प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली चुनाव प्रचार से संबंधित हर खबर पर पैनी नजर रखें। खबरों की बारीकी से छानबीन करें और जो खबर पेड न्यूज के दायरे में आए उसे एमसीएमसी के ध्यान में लाएँ। यह बात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने गुरूवार को संभागीय जनसंपर्क कार्यालय परिसर में मीडिया अनुवीक्षण कक्ष का एक बार फिर से जायजा लेते हुए कही।
जिले में केवल चैनलों एवं एफएम रेडियो से प्रसारित चुनावी कार्यक्रमों व खबरों पर 24 घण्टे नजर रखी जा रही है। इसके लिये भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत रंगमहल गार्डन के सामने स्थित संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में मीडिया अनुवीक्षण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से प्रिंट-इलेक्ट्रोनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह देखा जा रहा है कि प्रत्याशियों और राजनैतिक दलों द्वारा चुनाव प्रचार से संबंधित खर्चा छुपाया तो नहीं जा रहा है। जो भी पेड न्यूज साबित होगी उसका खर्चा संबंधित प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जायेगा। आयोग के निर्देशों के पालन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मीडिया अनुवीक्षण एवं प्रमाणन समिति (एमसीएमसी) गठित की गई है।
कलेकटर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने गुरूवार को मोतीमहल में स्थित स्मार्ट सिटी के कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर में स्थापित निर्वाचन कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खासतौर पर जिले में स्थापित 18 नाकों पर एसएसटी द्वारा की जा रही वाहनों की चैकिंग सहित अन्य कार्रवाई सीसीटीव्ही कैमरों के जरिए देखी। साथ ही कम्युनिकेशन प्लान को अंजाम देने के लिए निर्धारित कक्ष का जायजा भी लिया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू माथुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 
कंट्रोल रूम में सूचनाएँ दर्ज कराने के लिये जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा टोल फ्री नम्बर 0751-2990099 जारी किया गया है। इसके अलावा कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 0751-2646604 व 2646605 है। कोई भी व्यक्ति निर्वाचन के संबंध में इन नम्बरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत अथवा सूचना दर्ज करा सकता है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है।