28 चौराहों पर एक साथ 1000 स्वयंसेवकों ने बनाई मानव श्रृंखला

Nov 02 2023

ग्वालियर। मतदान कर लोकतंत्र के इस महाकुंभ में पूर्ण आहूति देना चाहिये। सभी लोग मिलकर सहभागिता निर्वाचन में करें जिससे सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो सके। ग्वालियर महानगर की प्राचीनतम शिक्षण संस्था मध्य भारत शिक्षा समिति के अंतर्गत आने वाले 7 शिक्षण संस्थाओं के छात्र/छात्राओं एवं समस्त स्टाफ के द्वारा गुरूवार को लगभग 1000 विद्यार्थियों के साथ मिलकर महानगर के 28 चौराहों पर मानव श्रृंखला बनाई। इस मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में मध्यभारत शिक्षा समिति के अंतर्गत संचालित माधव महाविद्यालय, माधव विधि महाविद्यालय, पीजीव्ही महाविद्यालय, माधव शिक्षा महाविद्यालय, पार्वती बाई गोखले उमा विद्यालय, लक्ष्मीबाई स्मारक उमा विद्यालय एवं पार्वती बाई खेल अकादमी ने सहभागिता की। 1000 विद्यार्थियों के साथ मानव श्रृंखला, रैली एवं नुक्कड नाटक आदि का आयोजन किया गया। छात्रों द्वारा यह भी संकल्प लिया गया कि आस-पास सभी परिवार में मतदाता जागरूकता के लिए सम्पर्क करेंगे। 
इस अवसर पर मध्यभारत शिक्षा समिति के डॉ. राजेन्द्र बांदिल, अरूण अग्रवाल, डॉ. प्रदीप वाजपेयी सभी चौराहों पर गये और बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। इसी श्रृंखला में प्राचार्य माधव महाविद्यालय डॉ. संजय रस्तोगी, माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीति पाण्डेय, पीजीव्ही विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार गुप्ता, माधव शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विवेक भदौरिया, पीजीव्ही उ.मा. विद्यालय के प्राचार्य नरेश शर्मा, लक्ष्मीबाई स्मारक उमा विद्यालय के प्राचार्य जगदीश श्रीवास आदि उपस्थित थे।