बुल्गारिया और किर्गिस्तान के राजदूत ने किला और जय विलास संग्रहालय का किया अवलोकन

Nov 02 2023

ग्वालियर। शहर में हाल ही में सपन्न हुए उद्भव उत्सव में पधारे विशेष अतिथि भारत में किर्गिस्तान के राजदूत अकसर बेशिमोव एवं भारत में बुल्गारिया के राजदूत निकोले यानकोव ने सपरिवार ग्वालियर किला और जयविलास संग्रहालय का भ्रमण किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने इन प्रमुख परिसरों की सुंदरता और महत्व को करीब से महसूस किया। जय विलास पैलेस पहुंचने पर निदेशक गायत्री सिंह और उद्भव इंडिया से हरीश पाल ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
संग्रहालय की भव्यता और सुंदरता वहां उपस्थित राजवंश की धरोहरों और कलाकृतियों ने विदेशी मेहमानों का मन मोह लिया और वे कलाकृतियों को निहारते रहे। दरबार हॉल के विशाल झूमर और चांदी की ट्रेन से सुसज्जित डाइनिंग हॉल को देखकर विदेशी मेहमान अचंभित हुए। उन्होंने विदा लेते समय महल की निदेशक गायत्री सिंह एवं सभी कर्मचारियों का आभार व्यत किया। तत्पश्चात सभी अतिथि ग्वालियर के किले का भ्रमण करने निकले। उन्होंने इस प्राचीन किले के ऐतिहासिक महत्व और शौर्य के अद्वितीय संदर्भ को विस्तारपूर्वक समझा। किले की महाकाव्यिक शैली और उसकी गुफाएं, संगीत महल और संग्रहित असली राजाओं एवं योद्धाओं की सामग्री के आकर्षण ने अतिथियों को अचंभित कर दिया।
बुल्गारिया के राजदूत निकोले यानकोव ने बताया कि उन्होंने अभी दो महीने पहले ही कार्यभार संभाला है और व्यस्तता के चलते अभी दिल्ली के अलावा कहीं भी नहीं घूम पाए हैं। भारत में ग्वालियर उनकी पहली आउटडोर यात्रा है जिसमें उन्हें पत्नी के साथ कुछ हसीन पल गुजारने का मौका मिला। उन्होंने भारत में मनाए जाने वाले त्योहार करवा चौथ के बारे में भी पूरी जानकारी ली और इसे सुनकर वे अत्यंत प्रसन्न हुए। उनकी पत्नी ने कहा कि भारत की महिलाएं वास्तव में अद्भुत हैं जो दिन भर बिना अन्न-जल ग्रहण किए अपने पति की आयु के लिए ये कठिन उपवास करती हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति, पर्व, कला और ज्ञान को नमन किया और यहां के नागरिकों को बुल्गारिया में पर्यटन हेतु आमंत्रित किया।