मौसमी बीमारियों के बढऩे लगे मरीज

Oct 31 2023

ग्वालियर। मौसम में आई ठंडक से त्वचा संबंधी रोग बढऩे लगे हैं। ठंड के समय सबसे अधिक सोरायसिस की समस्या बढ़ती है। जिसका असर अभी से ही देखा जाने लगा है। जयारोग्य अस्पताल के त्वचारोग विभाग की ओपीडी में सोरायसिस के मरीज पहुंचने लगे हैं। असल में सर्द मौसम में त्वचा रूखी हो जाती है और खुजली की समस्या बढ़ जाती है जिससे त्वचा खुरदरी हो जाती है। त्वचा पपटी जमने की शिकायत लोगों में देखने को मिलती है। असल में इस परेशानी को ही सोरायसिस कहा गया है। यह बीमारी एक दूसरे के संपर्क में आने से नहीं फैलती। चिकित्सक बताते हैं कि असल में यह बीमारी उन्हीं लोगों में होती है जिनके जीन में परिवर्तन हुआ होता है। इसलिए इसका उपचार जागरूकता के साथ सतर्कता और सावधानी ही है। त्वचारोग विशेषज्ञ बताते हैं कि सर्दियों में सोरायसिस की समस्या कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती है। इसमें त्वचा पर एक मोटी परत जमने लगती है जो लाल या भूरे रंग की होती है और खुरदरी होती है। इसकी वजह से हर वक्त खुजली होती रहती है। हाथ-पैर, तलवों, कोहनी, घुटनों पर इसका असर सबसे पहले और ज्यादा देखने को मिलता है। यदि सोरायसिस की बीमारी का समय पर उपचार शुरू किया जाए तो मरीज को ठीक किया जा सकता है। समय पर उपचार न मिलने पर यह बीमारी बढ़ जाती है।