आदिवासी समाज ने पारंपरिक नृत्य और गीत गाकर मनाया करमा पर्व

Oct 30 2023

ग्वालियर। उरांव एवं अन्य आदिवासी समाज की ओर से करमा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर करमा पेड़ की टहनियों की परंपरागत तरीके से पूजा अर्चना की गई। तदुपरांत मांदर एवं ढोलक की थाप पर नृत्य एवं गीत गाकर अपने आराध्य देव को प्रसन्न किया।
समिति के सचिव रामेश्वर राम पटेल ने बताया कि आयोजन की शुरुआत में कृषि विश्वविद्यालय स्थित आवासीय परिसर में बैगा (पुजारी) रघुवीर भगत एवं मंगलराम भगत ने विधिवत पूजा अर्चना कराई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक भजन और नृत्य प्रस्तुत किए। बाद में बैगा द्वारा रमौआ डेम पहुंचकर करम की डाली का विसर्जन किया गया। सचिव पटेल ने आगे बताया कि करम पेड़ की डाली को महादेव-पार्वती के रूप अखरा में स्थापित किया जाता है। इसमें कुंवारी कन्याओं द्वारा करम देव की पूजा कर मनवांछित वर की प्राप्ति के लिए व्रत करती है। 
कार्यक्रम में संरक्षक महेशराम भगत संरक्षक, अध्यक्ष जगपति भगत, कोषाध्यक्ष जतरू राम भगत, गेंदों भगत, रामेश्वरी भगत, लालवीर भगत, उप निरीक्षक उमाशंकर भगत, कौशल्या भगत एवं सीताराम प्रधान आदि उपस्थित रहे।