बेकाबू रफ्तार कार बीस फीट घिसटी, बिजली का पोल तोडक़र पलटी कार सवार बचे

Oct 28 2023

ग्वालियर। सबसे व्यस्त रहने वाली सडक़ को जैसे ही कार चालक ने खाली देखा उसने एक्सीलेटर दबा दिया। इसके बाद हवा के बात करती कार डिवाइडर से जा भिड़ी और करीब बीस फीट तक घसीटती गई। बिजली का पोल तोडक़र पलट गई। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित मोती तबेला के पास गुरूद्वारा पुल की है। कार की स्पीड़ इतनी तेज थी कि हादसे के बाद वाहन के सभी एयरबैग खुल गए और हादसा टल गया। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए पहुंचा दिया है। 
बताया गया है कि कार एमपी 07 सीए 9717 स्टेशन की तरफ से काफी तेज स्पीड़ से आ रही थी और अभी स्वर्ण रेखा पुल के ऊपर थी कि अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हटा और पहले वह डिवाइडर पर चढ़ गई और स्पीड इतनी तेज थी कि डिवाइडर पर चलते हुए करीब बीस फीट घिसटी और बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। कार में कुछ युवक सवार थे जो कार के बैलून खुलने से बच गए। हादसे के बाद वहां से निकल रहे अन्य वाहन चालक मदद में जुटे और कार सवारों को बाहर निकाला। घायल युवक अपना वाहन छोडक़र उपचार के लिए रवाना हो गए है। 
हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो घायल उससे पहले ही जा चुके थे और पुलिस ने पूछताछ के बाद कार के नंबर से पड़ताल की तो पता चला कि कार बालाबाई के बाजार निवासी वीरेन्द्र अग्रवाल की है और पुलिस ने उससे मिले पते के आधार पर कार मालिक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पता नहीं चला है कि कार सवार कितने घायल है और कौन से अस्पताल में भर्ती है। 
पुलिस अफसरों की माने तो रात का समय होने से एक बड़ी घटना टल गई, अगर दिन होता तो हादसा बड़ा होता, क्योंकि इस मार्ग पर हमेशा वाहनों की कतार लगी रहती है और पोल गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो सकते थे। 
लोगों की चर्चा थी कि कार सवार नशे में था और नशे के कारण ही काफी ज्यादा तेज स्पीड में वाहन चला रहा था, जो युवक कार चला रहा था वह ज्यादा घायल है।