प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का एहसास कराएँ : कलेक्टर सिंह

Oct 28 2023

ग्वालियर। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करें और क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का एहसास कराएँ। व्यवहार में नम्र रहें पर कर्तव्य निर्वहन में पूरी दृढ़ता रहे। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने शनिवार को बाल भवन में सेक्टर अधिकारियों एवं उनके साथ संलग्न पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। 
बैठक में एसपी राजेश चंदेल, निगमायुक्त हर्ष सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एलके पाण्डेय व संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी व सहायक अधिकारी मौजूद रहे। 
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया का भलीभाँति प्रशिक्षण लेकर मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका भी निभाएँ। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस का पहला घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि किसी मतदान केन्द्र पर ईवीएम से मतदान में कोई तकनीकी दिक्कत आए तो प्रशिक्षण ले चुके सेक्टर मजिस्ट्रेट उसे आसानी से दूर कर सकेंगे। उन्होंने बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट व एसएसटी, एफएसटी की समस्यायें सुनीं और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। 
एसपी श्री चंदेल ने कहा कि एफएसटी व एसएसटी पूरी मुस्तैदी के साथ काम करें। कोई भी संदिग्ध वाहन बिना जाँच के आगे नहीं बढऩे दें। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस को सभी क्रिटिकल व बल्नरेवल मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। साथ ही अन्य मतदान केन्द्रों पर भी पुलिस बल मौजूद रहेगा। 
सभी मतदान केन्द्र रहेंगे कैमरों की निगरानी में 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि जिले में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थायें की जा रही हैं। इस कड़ी में कुल 1662 मतदान केन्द्रों में से लगभग 1500 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में विभिन्न टीमों के साथ वीडियो कैमरा उपलब्ध रहेंगे। कुल मिलाकर साढ़े चार हजार से अधिक कैमरों की निगरानी में जिले के सभी वोटर रहेंगे।