बस ने खड़ी कार में टक्कर मारी दो की मौत,महिला समेत तीन गंभीर घायल

Oct 28 2023

ग्वालियर। छोटे भाई के पुत्र की शादी के कार्ड बांटने के लिए जा रहे परिवारीजनों पर कुदरत का कहर कुछ इस तरह टूटा कि कार में बैठे लोगों को तेज रफ्तार ग्वालियर से शिवपुरी की ओर जा रही बस के चालक ने दिन दहाड़े टक्कर मार दी जिससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पनिहार थाना क्षेत्र आगरा मुबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नयागांव में केशर कालोनी में सावंत परिवार निवास करता है, परिवार मे तीन भाई श्याम, अर्जुन और राधे रहते हैं। इन तीनों भाइयों में से छोटे भाई के बेटे की 24 नवबर को शादी है। जिसके कार्ड लगाने के लिए परिवारी जन अपनी कार क्रमांक एमपी07 सीए 9641 में सवार होकर मालनपुर के लिए निकलने ही वाले थे कि श्याम सवंत को याद आया कि शादी के कार्ड तो कार में रखे ही नहीं है इसलिए वह कार को घर के सामने ही पार्क कर अंदर कार्ड लेने चले गये और बांकी लोग कार में ही बैठे रहे। 
इसी बीच में ग्वालियर से शिवपुरी की ओर सवारियां भरकर जा रही बस क्रमांक एमपी07 जेडजी 1228 के चालक ने बस को तेजी और लापरवाही पूर्वक चला कर घर के बाहर खड़ी कार में टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार अनिल, दिलीप, देव, और लक्ष्मी गंभीर रुप से घायल हो गये। हादसे के बाद बस का चालक बस को छोड़ कर मौके से भाग निकला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय गंभीर रुप से घायल अनिल सावंत पुत्र श्याम सावंत 29 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दिलीप पुत्र अर्जुन सावंत ने अस्पताल पहंचते ही दम तोड़ दिया।
पनिहार थाना पुलिस ने फरियादी श्याम कुमार सावंत पुत्र रामचरन सावंत 55 वर्ष निवासी क्रेशर कालोनी नयागांव एकबी रोड थाना पनिहार की शिकायत पर बस के चालक के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है। अचानक हुये इस हादसे ने जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थी वहां मातम का माहौल पैदा कर दिया। दुख:द हादसे में दो युवकों की मौत पर समूचे गांव में शोक व्याप्त है।