मां कनकेश्वरी की कथा के लिए भूमिपूजन हुआ

Oct 26 2023

ग्वालियर। महलगांव स्थित सिद्धपीठ श्रीकैलादेवी एवं कुंअर महाराज  मंदिर में गुरूवार को महामंडलेश्वर दंदरौैआ महाराज, महामंडलेश्वर विष्णुदास महाराज, महामंडलेश्वर कपिल मुनि महाराज ने वैदिकमंत्रोच्चार के बीच आदि शिवशक्ति मां जगदम्बा नवकुंडी महायज्ञ व एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा के लिए भूमिपूजन किया। जिसकी कथा व्यास मां कनकेश्वरी देवी होंगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में ढोलीबुआ मठ के सच्चिदानंद ढोलीबुआ महाराज, अण्णामठ के अण्णा महाराज, आबा मठ के उपेंद्र महाराज, लक्ष्मीनारायण मंदिर के पं. संजय लघाटे ने भी शिरकत की।
यज्ञाचार्य दीपक तिवारी के नेतृत्व में वेदपाठी ब्रह्माणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम कराया। इस मौके पर दंदरौआ महाराज रामदास महाराज की अगवानी में धर्मध्वजा की स्थापना की गई और देवताओं का आह्वान कर धर्मयज्ञ के निविघ्न संपन्न होने की कामना की गई। इस मौके पर महामंडलेश्वर कपिल मुनि महाराज ने कन्या पूजन किया एवं सभी संत महंतों को भेंट दक्षिणा देकर विदा किया। भक्तों ने करौली मैया एवं कुंवरबाबा के जयकारे लगाकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। अंत में सभी ने प्रसादी ग्रहण की।
इस मौके पर महंत शंभूदयाल, राजकुमार, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, संजय शर्मा, धमेंद्र शर्मा, गिर्राज शर्मा, मुन्ना शर्मा, देवेंद्र शर्मा, गौरव महाराज सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।