विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते ग्वालियर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला

Oct 24 2023

ग्वालियर। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से एसपी राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर बेहट सर्किल के थाना उटीला और थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में बीएसएफ के जवानों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। एसडीओपी बेहट संतोष कुमार पटेल के नेतृत्व में थाना उटीला और हस्तिनापुर पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ बीएसएफ के सहायक सेनानी मानव पारिक व जवानों के पैदल फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च थाना उटीला क्षेत्र व सौंसरा गांव एवं थाना हस्तिनापुर व जखारा गांव में निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामवासियों से भी चर्चा की और उन्हे निष्पक्ष एवं निडर होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया और इस अवसर पर असामाजिक तत्वों को चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने पर कड़ी कार्यवाही करने का संदेश भी दिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमलोगों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया और कहा कि पुलिस उनके साथ है। फ्लैग मार्च के दौरान गांव में ताश खेलते मिले लोगों को जुआ व नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की समझाइस भी दी गई। फ्लैग मार्च में एसडीओपी बेहट व बीएसएफ के सहायक सेनानी के साथ थाना प्रभारी उटीला उप निरीक्षक दिलीप समाधिया व थाना प्रभारी हस्तिनापुर उप निरीक्षक राजकुमार राजावत व बीएसएफ के अधिकारी व जवान सम्मिलित हुए।