अब कोई बहाना नहीं चलेगा, सिर्फ कार्रवाई करें : डीआईजी

Oct 18 2023

ग्वालियर। चुनाव आचार संहिता लग चुकी है और अब चुनावी मोड में आ जाएं, कोई बहाना नहीं चलेगा। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी  सिर्फ कार्रवाई पर फोकस करें। कोई भी लापरवाही  बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब किसी का कोई बहाना नहीं चाहिए, इसलिए अब अपना पूरा फोकस चुनाव पर रखें और लापरवाही से बचें। यह बात मंगलवार-बुधवार की दरमियानी  रात वायरलेस पर आईटी टॉक में डीआईजी कृष्णावेणी देशावतु ने कही। आचार संहिता लगने के बाद पहली बार डीआईजी ग्वालियर रेंज कृष्णावेणी देशावतु ने अपने अंदाज में पुलिस अधिकारियों की वायरलेस पर आईटी टॉप मे क्लास ली। यह बैठक लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक के दौरान डीआईजी ने फील्ड में निकले पुलिस अधिकारियों से पूछा कि बतायें आज दिन में आपने ऐसा कौनसा काम किया जो विभाग के लिये महत्वपूर्ण रहा। तो पुलिस अधिकारियों के वायरलेस खामोश हो गये। 
पहले सवाल से ही निकली हवा
डीआईजी कृष्णावेणी अचानक मंगलवार की रात 12 बजे वायरलेस सेट पर आकर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेने लगे। बैठक के दौरान डीआईजी ने सबसे पहले सबको एक सवाल दिया कि वह बताएं आज उनका बेहतरीन और विभाग के लिए कौन सा महत्वपूर्ण काम था। इतना सुनते ही सभी थाना प्रभारियों की हवा निकल गई और किसी के मुंह से कोई भी उत्तर नहीं निकला। 
डीआईजी ने सभी अफसरों को साफ कहा कि अब जिले में काफी समय मिल गया है, मेल-जोल भी हो गया है, अब आपकी कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो अच्छा काम करेगा, उसे इनाम और लापरवाही पर सजा के लिए तैयार रहें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा शहर और देहात में शराब माफिया के खिलाफ हो रही कार्रवाई में दस से पंद्रह क्वार्टर की कार्रवाई पर निरीक्षकों को लताड़ लगाई और साफ बोला कि फर्जी कार्रवाई नहीं, अब सिर्फ बड़ी कार्रवाई करें, जिससे आपकी कार्रवाई दिखाई दे और आम जनता के बीच अच्छा मैसेज जाये। उन्होंने कहा लाइसेंसी हथियार जमा कराने के लिए कुछ समय और बढ़ाया गया है, लेकिन आखिरी समय का इंतजार नहीं करना है और एक दिन पहले ही सभी हथियार जमा होने चाहिए। साथ ही गिर तारी और अन्य वारंट का रिजल्ट 100 परसेंट चाहिए। अपने काम में लग जाएं और उसे पूरा करें।