विधानसभा चुनाव पूर्व 375 से अधिक गुण्डा व बदमाशों को थानों पर बुलाकर परेड़ ली

Oct 16 2023

ग्वालियर। विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने व अपराधों की रोकथाम के लिए गुण्डों व बदमाशों पर नकेल कसने के लिए एसपी राजेश सिंह चंदेल द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र के गुण्डों व निगरानी बदमाशों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गये। उक्त निर्देशों पर एएसपी अपराध ऋषिकेश मीना, गजेन्द्र सिंह वर्धमान, अमृत मीणा, अखिलेश रैनवाल, निरंजन शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थानों में अभियान चलाकर गुण्डों व बदमाशों को थाने पर परेड के लिए बुलाया गया और उनके द्वारा वर्तमान में किये जा रहे क्रियाकलापों के संबंध में जानकारी ली गई तथा गुण्डा फाइल में उनके मोबाइल नबर एवं नवीन फोटो को चस्पा किया गया। 
थाने पर बुलाए गये गुण्डा तथा बदमाशों को पुलिस द्वारा सख्त हिदायत दी गई कि उनके द्वारा विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिले के समस्त थानों में 375 से अधिक गुण्डा व बदमाशों को बुलाकर परेड़ ली गई, इसमें शहर के थानों में 154 गुण्डा व 30 बदमाशों तथा देहात के थाना क्षेत्रों में 110 गुण्डा व 81 बदमाशों को थानों पर परेड के लिए बुलाया गया। इस अवसर पर उन्हे समझाया गया कि वह आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें और शांति पूर्ण तरीके से अपने परिवार के साथ रहकर जीवन यापन करें। परेड के दौरान गुण्डा बदमाशों से उनके द्वारा वर्तमान में किये जा रहे क्रियाकलापों के संबंध में भी जानकारी ली गई और उनके नवीन फोटो व मोबाइल नबर को भी फाइल में अपडेट किया गया। इस अवसर पर गुण्डों को पुलिस अधिकारियों ने यह भी समझाया कि अच्छे चाल-चलन पर गुण्डा लिस्ट से उनका नाम हटाया भी जा सकता है, इसलिए अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण ढ़ंग से जीवन यापन करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग दें।