अभी तक सिर्फ 7 हजार ही जमा,आज अंतिम दिन

Oct 15 2023

ग्वालियर। विधानसभा चुनाव का बिगुल बच चुका है, आचार संहिता लग चुकी है। आचार संहिता लागू होने के साथ ही हथियार जमा करने की आखिरी तारीख भी घोषित हो गई थी। ग्वालियर में 16 अक्टूबर तक ही लाइसेंस जमा होना हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 7 हजार लाइसेंसी हथियार ही जमा हुए हैं। अब सिर्फ एक दिन बचा है, थानों में 24 हजार 600 लाइसेंसी हथियार जमा होना बाकी रह गए हैं। हालांकि रविवार से इसमें तेजी आई है। देर रात तक लोग थानों में हथियार जमा करने के लिए मौजूद थे।
आज रहेगी अधिक भीड़
आज सोमवार को थानों में हथियार जमा करने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ रहेगी। कई लोग तो हथियार रखने की अनुमति के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। अलग-अलग वजह बताकर हथियार जमा न करने की अनुमति मांग रहे हैं। चुनाव से पहले सभी लाइसेंसी हथियारों को थानों में जमा करना होता है। आचार संहिता लागू हुए छह दिन बीत चुके हैं। आचार संहिता लागू होने से 8 दिन का समय हथियार जमा करने के लिए प्रशासन ने दिया। लेकिन हथियार जमा करने की रफ्तार बहुत धीमी है। लोग बहुत ही कम संख्या में हथियार जमा करने के लिए पहुंच रहे हैं।
 ग्वालियर जिले में 31 हजार 600 लाइसेंसी हथियार हैं। इसमें से रविवार शाम तक करीब 7 हजार हथियार ही थानों में जमा हो सके थे। अभी 24 हजार 600 हथियार जमा होना बाकी है। जिन लोगों ने हथियार जमा नहीं किए हैं, उन्हें थानों से फोन पहुंच रहे हैं।