शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 23 पकड़े, काली फिल्म भी उतारीं

Oct 15 2023

ग्वालियर। शहर में चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की धरपकड़ की गई। इस दौरान 23 लोगों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया। इनकी गाडिय़ां जब्त की गईं। इसके अलावा गाडिय़ों के कांच पर काली फिल्म लगाने वालों को भी पकड़ा। 
एएसपी ऋषिकेष मीणा ने बताया कि शहर के अलग-अलग प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस और अलग-अलग थानों की फोर्स को चेकिंग में लगाया गया। शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले, गाड़ी में शराब पीने वाले टारगेट पर थे। शहर में 10 जगह चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। इस दौरान जो भी शराब पीकर गाड़ी चलाता मिला, उस पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 23 लोगों पर कार्रवाई की। इसके अलावा गाड़ी में हूटर लगाने वाले और काली फिल्म लगाकर चलने वालों पर भी कार्रवाई की गई। अलग-अलग धाराओं में 87 लोगों के चालान बनाये गए। 
गाड़ी छुड़वाने के लिए लोगों ने कई सिफारिशी फोन लगवाए। नेताओं से लेकर कई अन्य लोगों से फोन करवाए, लेकिन अब आचार संहिता लगी है इसलिए पुलिस ने सिफारिश नहीं मानी।