देश की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है सामाजिक समरसता: राठौड़

Oct 15 2023

ग्वालियर। रानी दुर्गावती ने शुरुआत से ही लड़कियों को शिक्षित व सशक्त करने पर जोर दिया। उन्होंने अपनी सेना में एक महिला दस्ता बनाया था। जिसमें लड़कियों को युद्ध कौशल सिखाकर पूरी तरह तैयार करके शामिल किया गया था। रानी के साथ इसी महिला दस्ते की वीरांगनाएं रहा करती थीं। उनका मानना था कि यदि महिला सशक्त होगी तो पूरा परिवार व समाज मजबूत होगा। 
यह बात आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त एचबी शर्मा ने अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के तत्वावधान में खल्लासीपुरा स्थित रामजी बाबा मंदिर में आयोजित वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने की। विशिष्ट अतिथि संभागीय अध्यक्ष नन्नूलाल गोडिया व सर्व ब्राहृाण महासंघ के युवा जिलाध्यक्ष कपिल भार्गव थे। आरंभ में मंचासीन अतिथियों ने रानी दुर्गावती की मूर्ति पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। तत्पश्चात स्वागत भाषण समिति के जिलाध्यक्ष नेतराम गोडिया ने दिया। 
अध्यक्षता कर रहे आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि राजकुमारी दुर्गावती की वीरता, रूप और बुद्धि कौशल से प्रभावित गोंडवाना साम्राज्य के राजा संग्राम शाह और उनके पुत्र दलपति शाह ने कीरत सिंह से उनकी पुत्री का अपने पुत्र के साथ विवाह प्रस्ताव रखा। यह विवाह उस समय सामाजिक समरसता का उदाहरण है। जो यह भी बताता है कि हमारे देश की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है सामाजिक समरसता। कपिल भार्गव ने कहा कि वीरांगना की योजनाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी उस काल में थीं। रानी के शासनकाल में गोंडवाना साम्राज्य राजनैतिक, सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व साहित्य के क्षेत्र में पल्लवित होकर अपने चरमोत्कर्ष पर पहुंचा। इस दौरान अतिथियों के साथ आयोजन समिति के नेतराम गोडिया, सुधा गोंड व रजनी गोडिया ने जनजाति समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
 कार्यक्रम में जगपति भगत, अशा गोडिया, सुनीता गोंड, रजनी गोडिया, सुधा गोडिया, राधा, राजश्री गोडिया व कंचन गोडिया को सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में आदित्य भार्गव, देवीदयाल, नीरज गोडिया, दीपचंद, मदनलाल, अशोक, अमन, माठू, सरला, बीना, निरमा, रत्ना देवी, दीपा गोंड, मुन्नी, प्रियंका, राजकुमार गोंड, वर्षा गोडिया आदि उपस्थित थे।