गुर्जर आंदोलन में भाग लेने जा रहे तीन युवकों को पकड़ा

Oct 12 2023

ग्वालियर। राष्ट्रीय युवा गुर्जर स्वाभिमान समिति व भीम आर्मी के जेल भरो आंदोलन को लेकर गुरूवार 12 अक्टूबर को पुलिस सक्रिय थी। पुलिस ने मालवा कालेज के पास से बाइक पर आंदोलन में भाग लेने के लिए जा रहे तीन युवकों को पकड़ा है। इसके साथ ही पुलिस शहर में प्रवेश करने वाले सभी रास्तों पर सघन चेकिंग कर रही थी। बाइक, कार, बस सहित सभी वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। जिससे आंदोलन में भाग लेने के लिए कोई शहर में प्रवेश न कर पाए। तकरीबन हर वाहन सवार व बसों में बैठे यात्रियों से सघन पूछताछ की गई।
बाइक की नंबर प्लेट पर लगाए थे गोबर
आंदोलन में शामिल होने की फिराक में तीन युवकों को सिकरोदा तिराहे पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा और मालवा कॉलेज की खुली जेल में बैठाया। मोटर साइकिल की नंबर प्लेट में गोबर लगाये थे। पुलिस ने रोका तो मज़दूरी करने का बहाना बनाने लगे उसके बाद तलाशी की गई तो पता चला हाथ में टेटू बनवाये थे और चंद्र शेखर रावण को देखने जा रहे थे।
प्रेस का स्टीकर लगाकर शहर में प्रवेश करते हुए पकड़े
शहर के एक प्रवेश द्वार पर एक बुलेरो जीप पर प्रेस का स्टीकर लगाकर शहर में प्रवेश करने जा रहे कुछ युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। ये सभी लोग मीडिया कर्मी बनकर शहर में आ रहे थे। लेकिन जब पुलिस ने उन्हें रोका तो वे जवाब नहीं दे सके। बाद में पूछताछ में पता चला कि ये युवक आंदोलन में भाग लेने के लिए जा रहे थे। इसी तरह रेलवे स्टेशन से भी पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ा है पकड़े गए लोगों में से चार धौलपुर और चार मुरैना के कैलारस के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप गोयल को भी हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि, राष्ट्रीय युवा गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति ने बीते 25 सितंबर को फूलबाग मैदान में गुर्जर महापंचायत आयोजित की थी। उसके बाद हुए उपद्रव को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा गुर्जर के साथ ही ओबीसी नेताओं पर कार्रवाई के खिलाफ हल्ला बोल की तैयारी की है। जिसको भीम आर्मी ने भी समर्थन दिया है। 25 सितंबर को भी ग्वालियर शहर में जमकर उपद्रव होने के कारण निजी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। पुलिस प्रशासन द्वारा चेतावनी जारी की गई है कि बिना अनुमति के प्रदर्शन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।