तारीख घोषित होते ही चुनाव आचार संहिता लागू , ग्वालियर में 17 नवंबर को मतदान, 3 दिसंबर को परिणाम

Oct 09 2023

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। 17 नवंबर को ग्वालियर सहित पूरे प्रदेश में एक ही चरण में मतदान होगा, जिसके नतीजे (मतगणना) 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। तारीख घोषित होते ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता लागू होते ही ग्वालियर जिला प्रशासन ने सरकारी इमारतों, चौराहों, भवनों से होर्डिंग्स, बैनर हटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। 
ग्वालियर की 6 विधानसभा सीट पर 1609237 मतदाता भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों की जीत हार का फैसला करेंगे। इनमें 8.53 लाख पुरुष तो 7.55 लाख महिला मतदाता हैं। तो इस बार महिलाओं की भूमिका सरकार बनाने में अहम होने वाली है। आचार संहिता लागू होने के बाद अब किसी भी विकास कार्य का भूमिपूजन, शिलान्यास व लोकार्पण नहीं किया जा सकेगा। सीएम, मंत्री व अन्य नेता कोई भी नई घोषणा नहीं कर सकेंगे। पर जिन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हो गया है वह यथावत चलते रहेंगे।
वहीं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ङ्क्षसधिया सोमवार को ग्वालियर आये चुनाव का ऐलान होते ही अपने सरकारी वाहन को छोडक़र निजी वाहन का उपयोग किया।
प्रदेश में चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। इसके बाद सार्वजनिक लोकार्पण और शिलान्यास प्रतिबंध हो गया। किसी भी नए काम या योजना को स्वीकृति नहीं दी जा सकेंगी। सरकार अपनी उपलब्धियों के न होर्डिंग्स लगा सकेगी और न उपब्धियों के विज्ञापन मीडिया में दे सकेंगी।आपको बतादें कि ंग्वालियर जिले की सीमा में बगैर पूर्व अनुमति के किसी भी सार्वजनिक स्थल पर जुलूस, मौन जुलूस, सभा, आमसभा व धरना-प्रदर्शन आदि पर पूर्णत: पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही विभिन्न आयोजनों व चल समारोह इत्यादि में सार्वजनिक रूप से धारदार एवं मौथरे हथियार मसलन तलवार, लाठी, फरसा, बरछी एवं किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र आदि धारण करने और उनका प्रदर्शन करने पर भी पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।
इन कामों पर कोई नहीं पड़ेगा असर
आचार संहिता लागू होने के बाद उन कामों पर कोई असर नहीं पड़ेगा जिनका भूमिपूजन हो चुका है। जैसे ग्वालियर में कई ऐसे काम हैं एलिवेटेड रोड के पहले और दूसरे फेस का भूमिपूजन किया जा चुका है। पहले फेस का काम काफी हद तक चल रहा है, जबकि दूसरे फेस के लिए टेंडर अभी होना है। इसी तरह मुरार जिला अस्पताल के उन्नीयकरण का समारोह हो चुका है आगे उसके विकास कार्य में कोई रुकावट नहीं आएगी। इस तरह जितने भी ऐसे प्रोजेक्ट हैं जिनका काम चल रहा है वह चलता रहेगा, लेकिन नए काम शुरू नहीं किए जा सकेंगे। जैसे लाड़ली बहना योजना का पैसा महिलाओं को मिलता रहेगा। साथ ही गैस सिलेंडर की स्कीम भी चलती रहेगी और उसके फार्म भरे जाएंगे।