निर्भया छात्र समिति ने उज्जैन की घटना के विरोध में किया प्रदर्शन

Oct 04 2023

ग्वालियर। निर्भया छात्र समिति के नेतृत्व में केआरजी महाविद्यालय के गेट पर, हर रोज आने वाली हैवानियत की घटनाओं व अभी हाल ही में उज्जैन में 12 वर्ष की मासूम बच्ची व उसकी माँ के साथ हुई जघन्य घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वह मासूम करीब 2 घंटे तक कॉलोनी- कॉलोनी खून से लथपथ अर्धनग्न हालत में मदद की गुहार लगाती रही परंतु खत्म होती इंसानियत के चलते एक हाथ भी उसे संभालने के लिए नही बढ़ा। वहीं मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में 32 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। प्रदेश के अलग अलग जिलों में मानवता को शर्मसार करती घटनाएं रोज पत्र- पत्रिकाओं में देखने में आती है।
प्रदर्शन में अपनी बात रखते हुए छात्रा काजल ने बताया कि महाविद्यालय में अनगिनत छात्राएं दूर-दराज के गाँवों व इलाकों से आती हैं। जिन्हें रास्ते में ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। वहीं प्रदर्शन को समबोधित करते हुए छात्रा स्वाती ने कहा एक तरफ प्रदेश की सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना के नारे पीटती नही थकती वहीं दूसरी तरफ समाज में चल रही विभत्स घटनाओं से सरकार की नाकामयाबियां साफ झलकती है। इसका मुख्य कारण शराब- नशा, व सोशल मीडिया के माध्यम से गंदगी परोसे जाने के चलते प्रदेश की सरकार की लाडली बहना और भांजिया हर दिन हैवानियत की शिकार होती हैं। वहीं दूसरी तरफ शिक्षा की गुणवत्ता को लगातार ही खत्म किया जा रहा है। प्रदर्शन का संचालन प्रीती शाक्य ने किया। प्रदर्शन में पिंकी, नेहा सोनम व लगभग 50-60 की संख्या में अन्य छात्राएं शामिल हुईं।