केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सडक़ पर झाडू लगाई और कचरा भी समेटा

Oct 01 2023

ग्वालियर। सिंधिया रियासत के महाराज व केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को हाथ में झाडू पकड़े देख और सडक़ पर आम इंसान की तरह सफाई करते देखकर सडक़ों पर ट्रैफिक थम सा गया। सिंधिया ने झाडू ही नहीं लगाई बल्कि कचरा भी समेटा है। रविवार सुबह केन्द्रीय मंत्री सिंधिया दीनदयाल नगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के पास पहुंचे। पहले उनको पुष्पलता पहना स्मरण किया फिर आसपास गंदगी को साफ करने सफाई अभियान में भाग लिया।
स्वच्छता रखना एवं रखवाना हर एक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। स्वच्छता ही मानसिकता को बहुत प्रभावित करती है। यह बात केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के पास सफाई करते हुए कही। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दीनदयाल नगर स्थित पं. दीनयाल की प्रतिमा के पास केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने झाडू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इससे पहले उन्होंने पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया और कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर सात सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मंच से लोगों को कहा कि आज एक महत्वपूर्ण दिन हैं। प्रधानमंत्री के द्वारा यह एक अभियान शुरू किया गया है कि यदि हम अपने घर और आसपास को साफ रखेंगे, तो हमारा वार्ड, शहर स्वच्छ होगा। आज हम इस बात का संकल्प लें कि केवल घरों तक सीमित न रहें जहां हमें कचरा दिखे उसे साफ करना चाहिए।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि महात्मा गांधी का विचार व सपना था कि केवल दिल स्वच्छ होना ही काफी नहीं है विचार के साथ-साथ सडक़ा, शहर गांव व देश स्वच्छ होना चाहिए। उसी सपने को पूरा करने हम आज यहां उतरे हैं।
महाराज बाड़े पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बोलते हुए सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि स्वच्छता के कार्य को काम नहीं सेवा मानकर करें और इस काम के लिए हम सबको सहभागी बनना चाहिए, जिससे स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो सके।
कटोराताल पर सफाई अभियान चलाते हुए महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना था गंदगी से निजात। इसके लिए वह अपने जीवन में भी गंदी बस्तियों में जाकर सफाई अभियान चलाते थे। साथ ही कहा कि सफाई को जीवन का अभिन्न अंग हमको बनाना चाहिए।