राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस मनाया

Sep 25 2023

ग्वालियर। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वंयसेवकों के नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्रों ने थीम रोड पर मतदाता जागरूकता विषय पर रैली का आयोजन किया। जिसे कम्पू थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्रों ने मतदाता जागरूकता पर नारों और पोस्टरों के द्वारा लोगों को मतदान हेतु जागरूक किया।
स्थापना दिवस के दूसरे चरण में महाविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यअतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना जीवाजी विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के कार्यक्रम समन्वयक रविकांत अदालतवाले व विशिष्ट अतिथि रासेयो के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय पांडे उपस्थित रहे। स्वागत भाषण के साथ ही अपने वक्तव्य में संस्थान प्राचार्य डॉ. एसपी एस राघव ने इकाई के कार्यों की प्रशंसा करते हुए स्वयसेवकों का उत्साह वर्धन किया। संस्थान निदेशक चंद्रप्रताप सिंह ने अपने एनएसएस के अनुभव बताते हुए कहा कि इसमे शामिल होना और कार्य करना एक सौभाग्य की बात है. ये व्यक्तित्व की अलग पहचान बनाता है। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों द्वारा देशभक्ति गीतों पर एकल तथा सामुहिक प्रस्तुतियां तथा रासेयो के लक्ष्य गीत की भी प्रस्तुति दी गई। 
मुख्य अतिथि अदालतवाले ने कहा कि जो स्वयं को सेवा के लिए समर्पित करे वही स्वयंसेवक है। सेवा समर्पण के संबंध में उन्होंने गाँधी जी का उदाहरण भी दिया और स्वयंसेवकों को उनके आत्मानुशासन और अहंकारमुक्त व्यवहार को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना सुनने, देखने या सीखने की नहीं बल्कि जीने की चीज है। अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्थान चेयरमैन यशपाल सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के बताए रास्ते पर चलकर युवा जीवन में अप्रतिम सफलता प्राप्त कर सकते है। स्वयसेवकों का जज्बा ही उन्हें अन्य छात्रों से अलग बनाता है. जो जीवन में एक प्रेरणा के साथ आगे बढक़र कुछ नया करते है। आभार प्रदर्शन इकाई के कार्यक्रम अधिकारी नौवेन्द्र सिंह रावत द्वारा किया गया साथ ही उन्होंने सफल क्रियान्वयन व आयोजन के लिए इकाई के स्वयसेवकों को बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व समर्पित स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किए गए। स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. महेन्द्र कुमार, प्रो. रूबी गुप्ता, प्रो. विमला प्रजापति, प्रो. सुरेश नरवरिया, प्रो. अंकिता कुशवाह, अनुपमा वैद्य, मुकेश कैन, मोनिका जैन एडवोकेट सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।