मंदिरों में लगे नोटिस दान करना है तो 25 तक कर दें, 28 को खुलेंगी दानपेटियां

Sep 18 2023

ग्वालियर। 2000 रुपए के नोट बदलवाने के लिए अब 13 दिन का समय बचा है। इसे देखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों में नोटिस चस्पा होने लगे हैं कि अगर कोई दानदाता 2000 का नोट दान करना चाहता है तो वह 25 सितंबर तक कर दे। 28 या 29 सितंबर को मंदिरों की दानपेटियां खुलेंगी। अगर दानपेटियों में 2000 रुपए का नोट निकलता है तो उसे बैंक में जमा कराया जाएगा। दानपेटियां खुलने के बाद अगर कोई 2000 रुपए का नोट दान कर भी जाता है तो वह रद्दी हो जाएगा। 2000 रुपए का नोट बैंक में जमा कराने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है। इसे देखते हुए मंदिर की ट्रस्टों ने दानपेटियां समय से पहले खोलने का निर्णय लिया है।
साईं बाबा मंदिर
विकास नगर स्थित साईं बाबा मंदिर में पेटियां डेढ़ माह बाद खुलती हैं। साईं भक्त मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेश शुक्ला ने बताया कि मंदिर की दान पेटियां इसी माह के पहले सप्ताह में खुली थीं। 2 हजार रुपए का नोट बंद हो रहा है। लिहाजा नोटिस बोर्ड मंदिर चस्पा करा दिया गया है कि जो भक्त 2000 रुपए का नोट दान करना चाहता है वह 25 सितंबर तक दान कर सकता है। 28 या 29 सितंबर को पुन: दानपेटियां खोली जाएंगी। अगर इसमें 2000 रुपए के नोट निकलते हैं तो उन्हें बैंक में जमा कराया जाएगा। आमतौर पर पेटियां डेढ़ माह बाद खुलती हैं।
सनातन धर्म मंदिर
सनातन धर्म मंडल के प्रधानमंत्री महेश नीखरा ने बताया कि 30 सितंबर के बाद 2 दो हजार रुपए का नोट बंद हो जाएगा। इसलिए दानपेटियां 28 सितंबर को खोली जाएंगी। दानपेटियां वैसे दो माह में खोली जाती है,लेकिन इस बार जल्दी खोल रहे हैं।
अचलेश्वर महादेव मंदिर
अचलेश्वर न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एनके मोदी ने बताया कि 30 सितंबर को 2000 रुपए का नोट बैंक में जमा कराने की आखिरी तारीख है। दानपेटियां खोलने के लिए प्रशासन को पत्र लिखा है लेकिन पटवारी हड़ताल पर होने के कारण दानपेटियां खुलने में विलंब हो रहा है। बुधवार से सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर माधव रत्नपारखे और उनकी टीम की मदद से रोज एक दान पेटी खोली जाएगी। 29 सितंबर को एक बार फिर से सभी दानपेटियां चेक कराई जाएंगी कि कहीं दानपेटियों में 2000 हजार का नोट तो नहीं है।
गुरुद्वारा फूलबाग 
फूलबाग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एचएस कोचर का कहना है कि गुरुद्वारे की दानपेटियां माह के पहले सप्ताह में खोली जाती हैं, लेकिन इस बार 27 या 28 सितंबर को भी खोलेंगे। जिससे अगर दान में दो हजार रुपए का नोट आया हो तो उसे बैंक में जमा कराया जाए सके।