एडीजीपी ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित लर्निंग सेंटर का शुभारंभ किया

Sep 16 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना के निर्देश पर प्रदेश के समस्त जिलों में पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए लर्निंग सेंटर तैयार कराई गई है। उक्त निर्देशों के परिपालन में ग्वालियर की पुलिस लाइन में भी एक नवनिर्मित लर्निंग सेंटर बनाया गया है, इसी के चलते पुलिस लाइन में नवनिर्मित लर्निंग सेंटर का एडीजी डी श्रीनिवास द्वारा रिबन काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु, एसपी राजेश सिंह चंदेल एएसपी यातायात ऋषिकेश मीणा सहित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तथा बच्चे शुभारंभ में मौजूद रहे। इसके बाद कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा द्वारा नवनिर्मित लर्निंग सेंटर की कार्यप्रणाली के संबंध में उपस्थित सभी अधिकारियों को अवगत कराया गया।
नवनिर्मित लर्निंग सेंटर के शुभारंभ अवसर पर एडीजीपी ग्वालियर जोन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को करियर काउंसलिंग भी कराई जाएगी, जिससे वह अपना सही करियर चुन सकें। पुलिस परिजनों के बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी नोट्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे और बच्चों की करियर काउंसलिंग भी कराई जाएगी, जिससे वह अपना सही करियर चुन सकें। इस अवसर पर उन्हे कम समय में अधिक से अधिक तैयारी किस प्रकार की जाए यह भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डीआईजी ग्वालियर रेंज एवं एसपी द्वारा भी उपस्थित बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी गई।
एएसपी ऋषिकेश मीण ने इस अवसर पर उपस्थित बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी किस प्रकार की जाए इसके संबंध में जानकारी दी गई और उन्होने अपने स्वयं के अनुभवों को साझा किया कि किस प्रकार से उन्होंने एमबीबीएस करने के बाद यूपीएससी की तैयारी की और उसमें सफल हुए। लर्निंग सेंटर में पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पुलिस परिवार के बच्चों को मार्गदर्शन भी दिया जाएगा और विशेषज्ञ शिक्षकों को सेंटर में बुलाकर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।
ग्वालियर पुलिस द्वारा लर्निंग सेंटर प्रारम्भ करने का मकसद बच्चों में पढ़ाई को लेकर रुचि जागृत करना एवं पढ़ाई के लिए उचित वातवरण उपलब्ध कराना है। इस लर्निंग सेंटर में बच्चों को पढ़ाई के लिए कम्प्यूटर व एलईडी लगाई गई है एवं जो बच्चें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए शैक्षणिक सामग्री के साथ ही न्यूज पेपर एवं प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तके उपलब्ध कराई गई है। इस लाइब्रेरी में रखीं पुस्तकें पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा एकत्रित की गई हैं जिन्हे जिले के पुलिसकर्मियों ने अपने घर, परिवार और दोस्तों से पुस्तकें मांग कर इक_ा कर सहयोग किया हैं।
नवनिर्मित लर्निंग सेंटर के शुभारंभ पर एएसपी जेन्द्र सिंह वर्धमान, सीएसपी लश्कर षियाज केएम, नागेन्द सिंह सिकरवार, अशोक सिंह जादौन, श्रीमती शुभा श्रीवास्तव, हिना खान, डीएसपी अंतिमा समाधिया, किरण अहिरवार, रक्षित निरीक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा, सूबेदार रूमा नाज सहित पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी एवं बच्चे उपस्थित रहे।