ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने तस्कर को 15 पिस्टल सहित गिरफ्तार किया

Sep 15 2023

ग्वालियर। पिस्टलों की खेप लेकर आए एक तस्कर को क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैण्ड से पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से क्राइम ब्रांच ने 15 पिस्टल बरामद की है। क्राइम ब्रांच की टीम पकड़े गए तस्कर से पूछताछ करने में जुट गई है। अफसरों का मानना है कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ के बाद इसके लोकल मददगारों की जानकारी मिल सकती है और आगे  भी आरोपी हाथ आ सकते हंै। 
 विधानसभा चुनाव की तारीखें जल्द घोषित होने वाली हैं। तारीखों का ऐलान होते ही लाइसेंसी हथियार जमा कराने होते हैं। ऐसे में असामाजिक तत्व व चुनाव में उत्पात मचाने वाले अवैध हथियारों का उपयोग करते हैं। यही कारण है कि चुनाव जितने नजदीक आते जा रहे हैं अवैध हथियार की तस्कर ग्वालियर-चंबल का रूख कर रहे हैं।
शुक्रवार को क्राइम ब्रांच ने रोडवेज बस स्टैंड से एक हथियार तस्कर को पकड़ा है, जो थैले में रखकर 15 पिस्टल खपाने के लिए आया था। क्राइम ब्रांच की टीम पकड़े गए तस्कर से पूछताछ करने में जुट गई है। अफसरों का मानना है कि पकड़े गए तस्कर से पूछताछ के बाद इसके लोकल मददगारों की जानकारी मिल सकती है और आगे भी आरोपी हाथ आ सकते है।
डीएसपी क्राइम शियाज केएम ने बताया कि सूचना मिली थी कि बड़वानी सेंधवा में सिकलीगर जाति का एक हथियार तस्कर अवैध पिस्टल की खेप लेकर आने वाला है। इसका पता चलते ही टीआई क्राइम ब्रांच अमर सिंह सिकरवार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिस पर क्राइम ब्रांच से सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह परमार, राहुल सिंह, एएसआई दिनेश सिंह तोमर, राजीव सोलंकी की चार टीमें लगाई। पुलिस की टीम बस स्टैंड पर निगरानी रखे हुए थी। बस स्टैण्ड पर तस्कर ने जैसे ही क्राइम ब्रांच को देखा उसने दौड़ लगा दी। जब उसे लगा कि वह बच नहीं सकता है तो उसने पिस्टलों का थैला फेंक दिया, जिससे क्राइम ब्रांच से बच सके, लेकिन पहले से अलर्ट क्राइम ब्रांच ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए तस्कर के थैले की तलाशी ली तो उसमें पंद्रह पिस्टल बरामद हुई हैं। पिस्टल जब्त कर क्राइम ब्रांच ने पकड़े गए तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए तस्कर की पहचान गोपाल सिंह पटवा (सिकलीगर) पुत्र कोट सिंह निवासी सेंधवा बड़वानी के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच की पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया तस्कर ग्वालियर और चंबल जोन में खपाने के लिए पिस्टल लेकर आया था। साथ ही जानकारी मिली है कि इससे पहले भी उसने हथियार खपाए हैं। अब क्राइम ब्रांच की टीम उससे पूछताछ कर पता लगा रही है कि यहां पर उसके लोकल मददगार और हथियार खरीदने वाले कौन है। कुछ मोबाइल नंबर भी मिले हंै, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे उन्हें भी थाने लाकर पूछताछ की जा सके।
पूछताछ में पता चला है कि एक पिस्टल 18 से 20 हजार रुपए में बिकती है, साथ ही पता चला है कि वह पहली बार नहीं बल्कि इससे पहले भी पिस्टल की खेप लेकर आया है। अब क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर पता लगा रही है कि इससे पहले उसने किस-किस को पिस्टल बेची है।
एसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि अवैध पिस्टल की खेप लेकर आए एक तस्कर को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। पकड़े गए तस्कर से पंद्रह पिस्टल मिली है, पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद कुछ अन्य आरोपी पकड़े जा सकते है।