मुख्यमंत्री के क्लिक करते बहनों के खातों में पहुंचे रुपए, लाडली बहना योजना नहीं एक आंदोलन है: शिवराज

Sep 10 2023

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में लाडली बहना योजना सम्मेलन में बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि अचलेश्वर पर मैंने पूजा कर अच्छी बारिश और बहनों के लिए सुख मांगा है कि मेरी बहनों के सारे दुख मुझे दे दो, लेकिन मेरी बहनों को खुश रखना। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि लाड़ली बहना सिर्फ एक योजना नहीं है बल्कि आंदोलन है। बहनों के दुख दूर करने का आंदोलन, बहनों को खुश रखने का आंदोलन, बहनों को सम्मान दिलाने का आंदोलन है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मेरा उद्देश्य हर बहन की आय 10 हजार रुपए करने की है। मैं चाहता हूं बहनें लखपति बने। इसके लिए काम शुरू करने के लिए उनका यह भाई मदद करेगा। लोन आप लेना ब्याज भरने में मैं मदद करूंगा।
मुख्यमंत्री शिवराज का कहना है कि अब उन्होंने योजना बनाई है कि टोल टैक्स बैरियर बहनें चलाएंगी। यदि बहनें 1 लाख रुपए कमाकर देंगी तो 30 प्रतिशत मतलब 30 हजार रुपए उनको मिलेंगे। इससे वह सशक्त होंगी। बहनों को आत्मनिर्भर बनाना ही मेरा लक्ष्य है। इतना ही नहीं सावन में मैंने 450 रुपए में गैस सिलिंडर देने का वादा किया था वो भी पूरा किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि बहनों के सम्मान के लिए हमेशा तैयार हूं। बहनों से अभद्रता करने वाले उनको परेशान करने वालों पर यह सरकार एक्शन ले रही है और कड़ा एक्शन लेगी। ऐसे लोगों के घरों पर बुलडोजल चल रहा है और चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज शिवराज सिंह चौहान ने बहनों को यह नारा भी दिया कि लाड़ली शक्ति जागेगी और सारी समस्या भागेगी इसके बाद सारी बहनों को अपनी-अपनी जगह खड़े होने के लिए कहा फिर एक बहन को दूसरे बहन के हाथ पकडऩे के लिए कहा। फिर कहां कि यह नारी शक्ति जाग रही है। फिर सभी को सकंल्प दिलाया कि हम सब मिलकर काम करेंगे और भाई (शिवराज सिंह) के साथ रहेंगे और अपने सपने पूरे करेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बहनों से पूछा कि जो योजनाएं बंद करते हैं। आपके भाई मुझे गाली देते हैं उनका साथ दोगी क्या। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं तुम्हारे लिए जियूंगा। 10 अक्टूबर से हर माह 1250 रुपए दिए जाएंगे और यह धीरे-धीरे 3 हजार रुपए तक कर दूंगा। इतना ही नहीं 10 हजार रुपए आपको कमाने के लिए दिन रात एक कर दूंगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एक गाना देख सकता हूं मैं सब कुछ होते हुए, नहीं मैं नहीं देख सकता तुमको रोते हुए गाकर बहनों के खाते में एक क्लिक कर उनके एक हजार रुपए ट्रांसफर किए।
कांग्रेस को लॉक कर चाबी का चंबल में विसर्जन कर दो: ङ्क्षसधिया
लाड़ली बहना हितग्राही सम्मेलन के मंच से केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को ललकारा है और उनके 15 महीने की सरकार पर जमकर जुबानी हमला किया है। सिंधिया ने जनता से कहा है कि कांग्रेस फिर आएगी तो लाड़ली बहना योजना, कन्यादान योजना सहित महिला सशक्तिकरण की कई योजनाओं को बंद कर देगी। उन्होंने सीरियल कौन बनेगा करोड़पति के डायलॉग से उदाहरण देकर कहा कि कांग्रेस को लॉक कर चाबी का चंबल में विसर्जन की दिया जाए।
करोड़ों की सौगात दी है-नरेन्द्र सिंह तोमर
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मंच से कहा कि आज ग्वालियर में करोड़ों के विकास कार्यो की सौगात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी है। साथ ही कहा कि महिलाओं का स्थान हमेशा देव तुल्य माना जाता है। मां नहीं होती तो सृष्टि का जन्म ही नहीं होता। उन्होंने सभी बहनों से अपने भाई को प्यार और सम्मान देने की बात कही।