जन अभियान परिषद समाज व सरकार के बीच सेतु- डॉ. पाण्डेय

Sep 10 2023

ग्वालियर। नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा संस्था कार्यालय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. धीरेंद्र कुमार पाण्डेय उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सुरेंद्र शुक्ला ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मप्र जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरुआ एवं जिला समाज में धर्मेंद्र कुमार दीक्षित, मुनेन्द्र शेजवार उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने संस्था द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों को प्रदान की। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बोलते हुए जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि जन अभियान परिषद सरकार व समाज के बीच सेतु का कार्य कर रही है। परिषद प्रस्फुटन व नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य भी कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर जन अभियान परिषद द्वारा संचालित गतिविधियों के बारे में उपस्थित लोगों को विस्तार पूर्वक बताया।
इसके पश्चात संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम एवं सचिव रामदास माहौर ने डॉ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय का शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश तिवारी ने  एवं आभार प्रदर्शन डॉ. मंजुलता आर्य ने किया।
इस अवसर पर डॉ. आनंद शर्मा, विकासखंड समन्वयक प्रीति वाजपेयी, घनश्याम रायपुरिया, परमानन्द श्रीवास, लाखन सिंह, लालता प्रसाद दोहरे, पं. रामनरेश अवस्थी, श्रीमती प्रीति मिश्रा, उर्मिला कुशवाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।