सडक़ पर बना रहे थे खाना, पुलिसकर्मी ने टोका तो उड़ेली खौलती सब्जी, दो गिरफ्तार

Sep 08 2023

ग्वालियर। सडक़ पर खाना बना रहे दो ट्रक ड्राइवर से जब पुलिस ने सडक़ से हटने के लिए कहा तो ट्रक चालक आक्रोशित हो गए। पुलिस जवान जब खुद उनका स्टोव हटाने लगे तो गुस्से में आए ट्रक चालक ने कड़ाई में खौलती सब्जी पुलिसकर्मी के ऊपर फेंक दी। गर्म सब्जी गिरने से जवान का चेहरा व सीना झुलस गय है।
घटना गत रात बहोड़ापुर मोतीझील की है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जवान को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक चालकों को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के श्रीविहार कॉलोनी निवासी उमेश उपाध्याय पुलिस में सिपाही है। अभी वह ग्वालियर पुलिस लाइन में पदस्थ है। उसकी तैनाती बहोड़ापुर थाना में है। गत रात वह बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में अपने साथी सैनिक गुलाब सिंह के साथ नाइट गश्त कर रहा था। अभी वह मोतीझील इलाके में पहुंचा तो उसने देखा कि सडक़ पर कुछ लोग खाना बना रहे थे। पास ही दो ट्रक एमपी33 एच-4850, आरजे11 जीबी-4575 खड़े हुए थे। जिससे कभी भी कोई हादसा होने की संभावना थी। रात करीब 2 बजे जवान उमेश उपाध्याय ने खाना बना रहे दोनों ट्रक चालकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने।
पुलिस जवान ट्रक स्टाफ के पास पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जवान की बात को गंभीरता से नहीं लिया और उनकी हरकत से नाराज जवान ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया तो खाना बना रहे ट्रक ड्राइवर जवान से उलझने लगे और विवाद करने लगे।
जब ट्रक नहीं समझ रहे थे तो जवानों ने उनका स्टोव सडक़ से हटाना चाहा। इसी समय गुस्से में आकर ट्रक चालक ने स्टोव पर खौलती हुई सब्जी पुलिस जवान के ऊपर उड़ेल दी। सब्जी गिरते ही जवान चीख उठा। इसी समय वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी ने अपने थाने के बल को सूचना दी और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया है। जवान फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना का पता चलते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हमला कर फरार हुए दोनों ट्रक ड्राइवरों को जनता की मदद से घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस पकड़ में आए चालकों की पहचान बंटी राजपूत पुत्र आशाराम निवासी पनिहार और सुग्रीव पुत्र कल्ला राम जाटव निवासी मोहना के रूप में हुई है।
इस मामले में बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि बीच सडक़ पर खाना बनाने से रोकने पर दो ट्रक चालकों ने ड्यूटी पर तैनात जवान पर गर्म सब्जी उड़ेल दी है। जवान को उपचार के लिए भेजकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें पकड़ लिया गया है।