शुक्रवार दोपहर के बाद भीगा शहर

Sep 08 2023

ग्वालियर। श्हर में गत दो दिनों से कुछ घंटों की बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन यह बारिश गर्मी को कम करने में असमर्थ ही रही। इससे सुबह से आम नागरिकों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। लेकिन दोपहर बारह बजे के लगभग एक बार फिर पानी की बूंदों ने शहर को भिगोने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस दौरान सडक़ों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि तीन चार दिन बाद फिर से तेज बारिश का दौर आ सकता है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि अगले तीन चार बाद जो बारिश का दौर प्रारंभ होगा, वह लगभग चार पांच दिन तक चलेगा। समझा जा रहा है कि इस समय की बारिश खेती के लिए बहुत ही अनुकूल साबित होगी। 
शुक्रवार बारह बजे के लगभग हुई झमाझम बारिश ने शहर की गति को थाम दिया। जो जहां खड़ा था, वहीं स्थिर हो गया। हमेशा चहल पहल रहने वाला स्थल रेलवे स्टेशन परिसर भी सुनसान सा दिखाई दिया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी अंचल में बारिश कम होगी। हल्की-बूंदाबांदी का दौर चल सकता है। लेकिन दूसरे चरण में 13 से 17 सितंबर तक ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
जहां सडक़ें खुदी, वहां आई परेशानी
शहर में कई स्थानों पर सडक़ों की मरम्मत का कार्य हो रहा है। इसके कारण पक्की सडक़ों को भी खोदा जा रहा है। सडक़ खोदने के कारण वहां की मिट्टी को अस्त व्यस्त तरीके से फैला दिया जाता है। जिसके कारण आम जनता को वहां से निकलने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। बारिश के बाद मिट्टी गीली हो जाती है, जो परेशानी को और ज्यादा बढ़ा देती है। इन्दरगंज से अचलेश्वर जाने वाले वैकप्लिक मार्ग पर भी इसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहोड़ापुर का क्षेत्र भी ऐसी ही समस्याओं का सामना कर रहा है। जहां कई स्थानों पर पक्की सडक़ पूरी तरह से कच्ची सी दिखाई देती है। सडक़ पर मिट्टी आ जाने के कारण फिसलने का डर भी बना रहता है। कई स्थानों पर दो पहिया वाहन चालक गिर भी चुके हैं। मोती महल के पास बीमा कार्यालय वाली सडक़ पर यातायात तो प्रारंभ हो चुका है, लेकिन सडक़ पर मिट्टी जमा हो गई है। जो दुर्घटना का कारण बन रही है।