विवाहिता ने बच्चों को खेलता छोड़, गटका जहर,मौत

Sep 07 2023

ग्वालियर। दूधमुही बच्ची व तीन वर्षीय बेटे को खेलता छोडक़र नवविवाहिता ने जहर गटक लिया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर की है। घटना का पता चलते ही विवाहिता को उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान नवविवाहिता ने दम तोड़ दिया। नवविवाहिता की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। 
मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर निवासी शिवम शर्मा पुत्र सोने राम शर्मा ट्रांसपोर्टर है और उनके ट्रक चलते हैं। वह अपना ट्रक सुधरवाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर गए थे और घर पर पत्नी पूजा, तीन साल का बेटा भाव्यांश और एक साल की बेटी रोहनी थी। ट्रक में काम करवाने के बाद वह दोपहर तीन बजे घर पर पहुंचा तो बेटा और बेटी खेल रहे थे, जबकि पत्नी पूजा बिस्तर पर सो रही थी। कई आवाज लगाने पर उसने कोई जवाब नहीं दिया तो उसने उसे हिलाकर देखा तो पता चला कि वह बेहोश है। इसका पता चलते ही वह उसे बिरला अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी है। 
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की लेकिन शोकाकुल होने के चलते अभी उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी है। परिजनों के बयान नहीं होने से अभी नवविवाहिता द्वारा सुसाइड करने का कारण अज्ञात है।